1. हिन्दी समाचार
  2. क्राइम
  3. अर्जुन शर्मा पर FIR, गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी; BNS 69 और 351(2) में केस दर्ज

अर्जुन शर्मा पर FIR, गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी; BNS 69 और 351(2) में केस दर्ज

सीहोर के बिलकिसगंज थाने में सलकनपुर निवासी अर्जुन शर्मा के खिलाफ BNS की धारा 69 और 351(2) के तहत FIR दर्ज हुई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही है।

By: BS Yadav 
Updated:
अर्जुन शर्मा पर FIR, गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी; BNS 69 और 351(2) में केस दर्ज

सीहोर/बिलकिसगंज। सलकनपुर निवासी अर्जुन शर्मा के खिलाफ बिलकिसगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 351(2) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है और मामले की जानकारी संबंधित थानों को भी दी गई है।बिलकिसगंज थाना प्रभारी संतोष मीणा के अनुसार, पीड़ित युवती ने शुरुआत में भोपाल के शाहपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वहां मामले में जीरो पर कायमी की गई, जिसके बाद प्रकरण को बिलकिसगंज थाने भेजा गया। पुलिस के मुताबिक मामला एक जंगल रिसॉर्ट से जुड़ा है और घटनास्थल बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में आने के कारण आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि बिलकिसगंज थाने में FIR दर्ज होने के बाद पीड़ित युवती के बयान भी दर्ज किए गए हैं। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और आरोपी अर्जुन शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। संबंधित थानों को भी आरोपी के संबंध में सूचना दी गई है।पुलिस दस्तावेज के अनुसार FIR क्रमांक 0128/2026, 26 जुलाई 2026 को बिलकिसगंज थाने में दर्ज की गई। FIR में घटना की अवधि 12 अगस्त 2025 से 6 मई 2026 बताई गई है। घटनास्थल के रूप में जंगल रिसॉर्ट, बिलकिसगंज का उल्लेख किया गया है।

क्या है BNS की धारा 69?

भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 ऐसे मामलों से संबंधित है, जिनमें किसी महिला के साथ छलपूर्ण तरीके से या ऐसा विवाह का वादा करके यौन संबंध बनाए जाते हैं, जिसे पूरा करने का शुरू से इरादा न हो और मामला बलात्कार की श्रेणी में न आता हो। दोष सिद्ध होने पर इस धारा में 10 वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।

धारा 351(2) किससे संबंधित है?

BNS की धारा 351 आपराधिक धमकी से संबंधित है। इसके तहत किसी व्यक्ति को उसके शरीर, प्रतिष्ठा या संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर भय पैदा करना अथवा उसे कोई काम करने या न करने के लिए मजबूर करना अपराध की श्रेणी में आता है। FIR दर्ज होने के बाद मामला स्थानीय स्तर के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...