पलेरा। टीकमगढ़ जिले के जतारा वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। कार्रवाई नवागत रेंजर मुकेश अहिरवार के नेतृत्व में की गई। वन विभाग को बुधवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि वन परिक्षेत्र जतारा की बीट आब्दा के कक्ष क्रमांक आरएफ-275 में अवैध रूप से रेत का उत्खनन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर वन अमले ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।टीम ने मौके पर एक लाल रंग का न्यू सोल्ड महिंद्रा डीआई ट्रैक्टर और उसकी ट्रॉली देखी। ट्रॉली में कुछ मजदूर जंगल की रेत खोदकर भर रहे थे। वन अमले को देखते ही ट्रैक्टर चालक और मजदूर मौके से भाग गए। इसके बाद वन विभाग ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।
विभाग के अनुसार वाहन को वन भूमि से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के मामले में जब्त किया गया है। ट्रैक्टर के चेसिस नंबर MBNAAACALSRA11832 के आधार पर अज्ञात के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 251/20 दर्ज कर अग्रिम विवेचना शुरू की गई है। जब्त वाहन को वन परिक्षेत्र कार्यालय जतारा में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।स्थानीय सूत्रों के हवाले से वाहन को लेकर जनप्रतिनिधियों और कथित रेत माफियाओं द्वारा दबाव बनाए जाने के दावे भी किए गए हैं। हालांकि, वाहन मालिक और कथित दबाव संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग ने जब्त वाहन को नहीं छोड़ा और नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी।
कार्रवाई में डिप्टी रेंजर ओमप्रकाश रैकवार, वनपाल रियाजुद्दीन काजी, वनरक्षक शुभम पटेल, बीटगार्ड विवेक वंशकार, वनरक्षक अमन प्रजापति सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। लगातार हो रही कार्रवाई से वन क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों पर कार्रवाई का संदेश गया है। वन विभाग का कहना है कि वन भूमि में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मनीष यादव की रिपोर्ट