1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर में छठ महापर्व को लेकर गोरखपुर में नगर निगम की तैयारी पूरी, 327 घाटों पर विशेष इंतजाम

गोरखपुर में छठ महापर्व को लेकर गोरखपुर में नगर निगम की तैयारी पूरी, 327 घाटों पर विशेष इंतजाम

गोरखपुर में छठ महापर्व को लेकर नगर निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के 327 घाटों पर सफाई, सुरक्षा और रोशनी सहित विशेष इंतजाम किए गए हैं। महापौर ने राजघाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त के अनुसार, अर्घ्य के चारों चरणों में नगर निगम की टीमें तैनात रहेंगी। ITMS और पब्लिक एड्रेस सिस्टम से श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जाएगी।

By: Nivedita 
Updated:
गोरखपुर में छठ महापर्व को लेकर गोरखपुर में नगर निगम की तैयारी पूरी, 327 घाटों पर विशेष इंतजाम

गोरखपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गोरखपुर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हर साल छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर निगम ने शहर के प्रमुख घाटों पर विशेष इंतजाम किए हैं। साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, पथ प्रकाश, मोबाइल टॉयलेट और चेंजिंग रूम जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। नगर निगम के मुताबिक, लगभग 327 घाटों पर वृहद स्तर पर छठ पूजा का आयोजन होगा। इसके अलावा छोटे-छोटे पार्कों और अन्य स्थानों पर भी श्रद्धालु छठ पर्व मनाएंगे।

327 घाटों पर छठ पूजा की तैयारी पूरी

नगर आयुक्त अजय जैन ने बताया कि गोरखपुर में छठ का पर्व बहुत ही धूमधाम और व्यापक स्तर पर मनाया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन तैयारियों की समीक्षा महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव भी कर चुके हैं। प्रमुख घाटों पर सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई, आवश्यक पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, चेंजिंग रूम और पथ प्रकाश यानी स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की गई है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

अर्घ्य के चारों चरणों में मौजूद रहेगी नगर निगम की टीम

नगर आयुक्त अजय जैन ने बताया कि 15 तारीख को अर्घ्य चढ़ने से पहले और अर्घ्य चढ़ने के बाद नगर निगम की टीम घाटों पर उपलब्ध रहेगी। इसी तरह 16 तारीख को सुबह अर्घ्य से पहले और अर्घ्य के बाद भी टीम मौजूद रहेगी। यानी चारों महत्वपूर्ण समय पर नगर निगम की टीम श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण के अनुकूल पूजा सामग्री का इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही कहा कि श्रद्धालु घाटों पर अधिक अंदर तक न जाएं, क्योंकि नदी में पानी का प्रवाह जारी है और कुछ स्थानों पर गहराई भी हो सकती है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।

राजघाट पर महापौर ने चलाया विशेष स्वच्छता अभियान

छठ महापर्व को देखते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने राजघाट पर नगर निगम की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घाटों की सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। महापौर ने कहा कि गोरखपुर में हर साल छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। राजघाट शहर के प्रमुख और सबसे बड़े घाटों में से एक है, जहां बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु एकत्र होते हैं। ऐसे में यहां ऐसा स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है, जिससे श्रद्धालुओं को त्योहार के दौरान अच्छा माहौल मिल सके। महापौर ने बताया कि इसी उद्देश्य से नगर निगम की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत घाटों की सफाई के साथ-साथ अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं और विद्युत व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा गया है।

 

 

आईटीएमएस और पब्लिक एड्रेस सिस्टम से श्रद्धालुओं को किया जाएगा सतर्क

महापौर ने श्रद्धालुओं और उनके परिजनों से अपील की कि वे घाटों के बिल्कुल किनारे न जाएं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि घाटों पर सुरक्षा के लिए जो व्यवस्थाएं और निर्देश निर्धारित किए गए हैं, उनका पालन करना सभी के लिए जरूरी है। इसके साथ ही आईटीएमएस की टीम भी तैनात रहेगी, जो पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार श्रद्धालुओं को आगाह और सचेत करती रहेगी। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि छठ महापर्व अत्यंत पवित्र और आस्था से जुड़ा त्योहार है। इसमें भगवान सूर्य की उपासना की जाती है और इसे बेहद सात्विक एवं कठिन व्रत माना जाता है। ऐसे में व्रतियों को बेहतर और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम विशेष रूप से सफाई अभियान चला रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

स्वच्छता और सुरक्षा के बीच आस्था का महापर्व मनाने की तैयारी

छठ महापर्व को लेकर नगर निगम की तैयारियों में इस बार स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया है। घाटों पर सफाई से लेकर प्रकाश व्यवस्था और जरूरी सुविधाओं के इंतजाम किए गए हैं। वहीं, नगर निगम की टीम और आईटीएमएस के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार सहयोग और सुरक्षा संबंधी जानकारी देने की तैयारी है, ताकि गोरखपुर में छठ का महापर्व श्रद्धा, स्वच्छता और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...