Ramayana Box Office Collection: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के महज आठ दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इस बड़ी उपलब्धि के साथ फिल्म ने कई चर्चित फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं और भारतीय सिनेमा की सबसे तेजी से कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ ने 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के आठवें दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 53.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 564.60 करोड़ रुपये पहुंच गई है। वहीं, घरेलू बाजार में इसका ग्रॉस कलेक्शन 675.05 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
‘रामायण’ ने विदेशी बाजारों में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। आठ दिनों में फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से लगभग 358.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। घरेलू और विदेशी बाजारों की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 1033.55 करोड़ रुपये हो गया है। इसी के साथ फिल्म 1000 करोड़ रुपये के प्रतिष्ठित क्लब में शामिल होने वाली 11वीं भारतीय फिल्म बन गई है।

बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई के साथ ‘रामायण’ ने रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ और शाहरुख खान की ‘पठान’ को भी पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘एनिमल’ का लाइफटाइम घरेलू नेट कलेक्शन 556.36 करोड़ रुपये था, जबकि ‘पठान’ ने अपने पूरे सिनेमाघर प्रदर्शन के दौरान 544.28 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ‘रामायण’ ने महज आठ दिनों में इन दोनों फिल्मों के आंकड़ों को पार कर लिया है।
‘रामायण’ ने सिर्फ आठ दिनों में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करके एक नया मुकाम हासिल किया है। यह उपलब्धि पाने वाली भारतीय फिल्मों में इससे कम समय सिर्फ ‘पुष्पा 2’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने लिया है, जिन्होंने सात दिनों में यह आंकड़ा पार किया था। इस तरह रणबीर कपूर की ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की तीसरी सबसे तेज 1000 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई को देखते हुए अब दर्शकों की नजर इसके आने वाले दिनों के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हुई है।