Amul Milk Price Hike: देशभर में महंगाई का असर अब आम आदमी की रसोई पर भी पड़ने वाला है। दरसअल, देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने अपने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। बता दें कंपनी ने अलग-अलग दूध वेरिएंट की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा किया है। वहीं अब नई कीमतें 12 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। इस फैसले का सीधा असर उन परिवारों पर पड़ेगा, जो रोजाना अमूल दूध का इस्तेमाल करते हैं।
जानकारी के लिए बता दें गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) की ओर से की गई इस बढ़ोतरी के बाद ग्राहकों को अब दूध खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। जिसमें खासतौर पर अमूल गोल्ड और अमूल ताजा खरीदने वाले उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर इसका असर पड़ सकता है।
कंपनी के फैसले के मुताबिक, अमूल के प्रमुख दूध वेरिएंट की कीमतों में अलग-अलग बढ़ोतरी की गई है। अमूल गोल्ड (Amul Gold) के दाम में 4 रुपये प्रति लीटर और अमूल ताजा के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई है। अमूल ताजा देश में लोकप्रिय टोंड मिल्क वेरिएंट में शामिल है। ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने से बड़ी संख्या में नियमित ग्राहकों की जेब पर असर पड़ सकता है।
अमूल दूध (Amul Milk) की कीमतें बढ़ाने के पीछे उत्पादन और संचालन लागत में हुई वृद्धि को प्रमुख वजह बताया है। बता दें पिछले कुछ समय में पशुओं के चारे, मक्का, खली और अन्य पशु आहार की कीमतों में इजाफा हुआ है। इसके अलावा दूध की पैकेजिंग, परिवहन और ईंधन की लागत भी बढ़ी है। मौसम में बदलाव और कई क्षेत्रों में असमान बारिश के कारण पशुपालकों को भी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इन सभी कारणों से डेयरी कारोबार की लागत बढ़ी है।
ऐसे में अमूल का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा दूध उत्पादक किसानों और पशुपालकों तक पहुंचाया जाएगा। कंपनी के मुताबिक, ग्राहकों से मिलने वाले हर एक रुपये में से करीब 80 पैसे दूध उत्पादकों को दिए जाते हैं।
कंपनी का उद्देश्य किसानों को दूध का उचित मूल्य देना और दूध उत्पादन को बनाए रखना है। हालांकि, कीमतों में इस बढ़ोतरी से आम परिवारों का खर्च बढ़ना तय है। अब ग्राहकों को अमूल दूध खरीदते समय नई कीमतों के अनुसार भुगतान करना होगा।
ये भी पढ़ें: मोहन यादव ने किया जर्मन कंपनी के प्लांट का शुभारंभ, अब बढ़ेगा रोजगार