Noida Metro Extension: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दरसअल लंबे समय से मेट्रो कनेक्टिविटी (Metro Connectivity) का इंतजार कर रहे लाखों लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। बता दें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है। वहीं, इस परियोजना के तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक नया मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा।
करीब 8.449 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के निर्माण पर 2,390 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना को साल 2031 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बनने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिलेगी और रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) के अनुसार, इस नए रूट (New Metro Route) पर कुल पांच एलिवेटेड स्टेशन (Elevated Metro Stations) बनाए जाएंगे। इनमें नोएडा सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 शामिल हैं। इन स्टेशनों के जरिए आसपास की रिहायशी सोसायटियों और व्यावसायिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
आपकी जानकारी क्ले लिए बता दें इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत नोएडा सेक्टर-61 स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा होगी। यहां से यात्री दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन (Blue Line Metro) पर सफर कर सकेंगे। इससे दिल्ली, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और एनसीआर के दूसरे इलाकों तक पहुंचना आसान होगा।
मेट्रो विस्तार से गौर सिटी-1, गौर सिटी-2, क्लियो काउंटी और आसपास की कई बड़ी हाउसिंग सोसायटियों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा गौर सिटी मॉल, ब्लू सफायर मॉल, एचएंडएस मॉल और आईकेईए तक पहुंच भी आसान होगी। सेक्टर-60 और सेक्टर-73 के दफ्तरों तथा आसपास के अस्पतालों में आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
नोएडा में बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक 11.56 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर की योजना पर भी काम चल रहा है। इसमें आठ स्टेशन प्रस्तावित हैं। वहीं, डिपो स्टेशन से बोड़ाकी तक 2.6 किलोमीटर का विस्तार किया जाएगा, जिसमें दो स्टेशन होंगे।
मेट्रो विस्तार की मंजूरी से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों में खुशी है। NEFOWA अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने इसे लंबे संघर्ष का परिणाम बताया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बढ़ती आबादी को देखते हुए परिवहन सुविधाओं का विस्तार करने की जरूरत भी बताई है। निवासियों का कहना है कि 2031 तक इंतजार लंबा है, इसलिए निर्माण कार्य तय समय से पहले पूरा करने की कोशिश होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी का बड़ा संकल्प, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की तैयारी