Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के गुना जिले के आरोन में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ (Satya Sanatan Swabhiman Yatra) का भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के 18वें दिन बुधवार रात आरोन के सनकादिक आश्रम में रात्रि विश्राम हुआ। इस मौके पर पूरे नगर में उत्साह और भव्यता का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने यात्रा के स्वागत में शहर को रंगीन रोशनी और दीपों से सजाया।
दिग्विजय सिंह की यात्रा के आरोन पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने खास तैयारियां की थीं। बता दें पूरे नगर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। वहीं, रास्तों पर दीप जलाकर आकर्षक सजावट की गई। दीपों की रोशनी से सड़क पर ‘आरोन में स्वागत राजा साहब’ लिखा गया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
वहीं, इस अनूठे स्वागत को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। नगर की सड़कों पर दीपों की रोशनी और रंगीन सजावट ने माहौल को उत्सव जैसा बना दिया। इसके बाद यात्रा सनकादिक आश्रम पहुंची, जहां विशाल आमसभा का आयोजन किया गया।
सनकादिक आश्रम में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद पर निशाना साधा है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि ये संगठन हिंदुत्व के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
दिग्विजय सिंह का कहना है कि धर्म और हिंदुत्व को एक मानना सही नहीं है। उनके मुताबिक, सनातन ही वास्तविक धर्म है और इसका आधार प्रेम तथा अहिंसा है। उन्होंने हिंदुत्व की विचारधारा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इसके जरिए नफरत, हिंसा, झूठ और अफवाहों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा अपने 18वें दिन आरोन पहुंची। यहां नागरिकों के भव्य स्वागत और आमसभा के जरिए यात्रा को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह देखने को मिला। सभा में दिग्विजय सिंह ने अपने विचार रखे और सनातन धर्म, प्रेम तथा अहिंसा के महत्व पर जोर दिया।
ये भी पढ़ें: शुक्रवार को मेष से मीन राशि तक कैसा रहेगा आपका दिन, यहां जानें 12 राशियों का भविष्य