1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बड़वानी में ड्राइवरों ने बुलंद की आवाज, आयोग गठन से 10 लाख बीमा तक की रखी मांग

बड़वानी में ड्राइवरों ने बुलंद की आवाज, आयोग गठन से 10 लाख बीमा तक की रखी मांग

Madhya Pradesh News: बड़वानी में चालक एकता संगठन ने ड्राइवर आयोग, 10 लाख रुपये दुर्घटना बीमा और सुरक्षा कानून समेत छह मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। यहां पढ़ें खबर

By: Aparna Panwar 
Updated:
बड़वानी में ड्राइवरों ने बुलंद की आवाज, आयोग गठन से 10 लाख बीमा तक की रखी मांग

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के बड़वानी में व्यावसायिक वाहन चालकों ने अपने अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान की मांग को लेकर आवाज बुलंद की है। दरसअल, चालक एकता संगठन के सदस्यों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एसडीएम भूपेंद्र रावत को ज्ञापन सौंपा है। वहीं, इस दौरान चालकों ने सरकार से राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर आयोग बनाने, 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा देने और विशेष ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की है।

ड्राइवरों ने किया स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन का समर्थन

मध्य प्रदेश ड्राइवर एसोसिएशन (Driver Association) की ओर से किए गए बंद के आह्वान और स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन के समर्थन में बड़वानी के चालक भी एकजुट नजर आए। जिसमें चालक एकता संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि व्यावसायिक वाहन चालक दिन-रात सड़क पर रहकर यात्रियों और माल को सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिसमें संगठन का कहना है कि दुर्घटना, मारपीट और अन्य विवादों की स्थिति में अक्सर चालक अकेला पड़ जाता है। न तो वाहन मालिक और न ही अन्य लोग उसकी मदद के लिए आगे आते हैं। ऐसे में चालकों की सुरक्षा और अधिकारों के लिए ठोस कानून बनना जरूरी है।

सरकार के सामने रखीं छह प्रमुख मांगें

चालक एकता संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार के सामने छह प्रमुख मांगें रखीं।

  • राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर आयोग का गठन किया जाए।
  • चालकों के सामाजिक कल्याण के लिए केंद्रीय ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाया जाए।
  • चालकों की सुरक्षा, सम्मान और कानूनी सहायता के लिए विशेष कानून लागू हो।
  • व्यावसायिक चालकों को कम से कम 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा या मुआवजा मिले।
  • स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना सहायता और परिवार कल्याण योजनाएं लागू की जाएं।
  • चालक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद की व्यवस्था हो।

चालकों के रोजगार और परिवार की सुरक्षा पर जोर

चालक एकता संगठन के कोषाध्यक्ष जीवन सेन ने कहा है कि देशभर के ड्राइवर रोजगार, वेतन और कामकाज की परिस्थितियों से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। जिससे राष्ट्रीय स्तर पर आयोग बनने से उनकी समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलेगी। जिसमें उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में ज्ञापन सौंपकर इन मांगों का समर्थन किया जा रहा है।

वहीं, संगठन के अध्यक्ष अनिल जाट ने कहा कि पहले भी शासन के सामने चालकों की समस्याएं रखी गई थीं, लेकिन अब तक अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। इसी वजह से आंदोलन का समर्थन करते हुए ज्ञापन सौंपा गया है। इस दौरान संगठन के उपाध्यक्ष गोरी शंकर सहित अन्य चालक मौजूद रहे। संगठन ने प्रशासन से मांगों को शासन तक पहुंचाकर उचित कार्रवाई कराने की अपील की।

ये भी पढ़ें: गोरखपुर स्टेशन पर बनाए गए चार होल्डिंग एरिया, यात्रियों को मिलेंगी कई सुविधाएं

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...