Madhya Pradesh News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित विवादित बयानों को लेकर मध्यप्रदेश के पन्ना में यादव समाज का गुस्सा फूट पड़ा। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और महिलाओं को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में यादव समाज और श्रीकृष्ण भक्तों ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
जानकारी के लिए बता दें प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयानों से भगवान श्रीकृष्ण के करोड़ों भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। जिसमें समाज के लोगों ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण उनके आराध्य हैं और उनके खिलाफ किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से मामले में जल्द कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
यादव महासभा के जिलाध्यक्ष नत्थू सिंह यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर समाज में वैमनस्य फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया। जिसमें उन्होंने कहा कि यदि 15 से 20 दिनों के भीतर मामले में वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो यादव समाज देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगा।
वहीं, पूर्व बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण अध्यक्ष बाबूलाल यादव समेत अन्य समाज के प्रतिनिधियों ने भी कथित विवादित बयानों की निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां समाज के लिए नुकसानदायक हैं और ऐसे बयानों का बहिष्कार किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ नारेबाजी की गई। पुतला दहन के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई। ऐसे में स्थिति को काबू करने के लिए पुलिसकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी।
यादव समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
ये भी पढ़ें: मतदाता सूची पर सियासी घमासान, SIR के बचाव में बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा, पढ़ें खबर