INDIA Bloc Protest: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मतदाता सूची (Voter List) के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दलों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बता दें आज गुरुवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध जताया। वहीं, प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता को ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहनाकर हथकड़ी लगाई गई और उसे जेल की सलाखों के पीछे दिखाया गया। इस प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
INDIA ब्लॉक का यह विरोध प्रदर्शन बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में सुबह 11 बजे शुरू हुआ और दोपहर 2 बजे तक चला। इसमें कांग्रेस, CPI(M), CPI, CPI(ML) लिबरेशन, फॉरवर्ड ब्लॉक और समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शन में सामाजिक संगठनों, छात्र संगठनों और युवा संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई।
इस आंदोलन की अगुवाई कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने की है। इनके अलावा अभिनेता प्रकाश राज समेत कई विपक्षी नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए।
वहीं प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार के मुखौटे, हथकड़ी और खाकी हाफ पैंट के जरिए विरोध का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया। इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है।
ऐसे में विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर कई सवाल हैं। उनका कहना है कि चुनाव आयोग को इस पूरी प्रक्रिया पर जवाबदेही तय करनी चाहिए। INDIA ब्लॉक के नेता लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
विपक्ष अब इस आंदोलन को बेंगलुरु तक सीमित नहीं रखना चाहता। बीके हरिप्रसाद के मुताबिक, कर्नाटक के लगभग सभी जिलों में ब्लॉक स्तर पर एक साथ प्रदर्शन करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए जिला इकाइयों को SIR के खिलाफ आंदोलन तेज करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाने के आदेश दिए गए हैं। इस तरह मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच राजनीतिक टकराव लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें: चुनाव आयोग का 6 राज्यों में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा ऐलान, 21 जनवरी 2027 को आएगी फाइनल सूची, जानें जानकरी