1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. नालंदा के औंगारी धाम में छठ की भव्य तैयारी, लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के खास इंतजाम

नालंदा के औंगारी धाम में छठ की भव्य तैयारी, लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के खास इंतजाम

नालंदा के प्रसिद्ध औंगारी धाम में छठ पूजा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, सीसीटीवी, पेयजल और 24 बेसिन वाले नए शौचालय की व्यवस्था की गई है।

By: Nivedita 
Updated:
नालंदा के औंगारी धाम में छठ की भव्य तैयारी, लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के खास इंतजाम

नालंदा (बिहार):  लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नालंदा जिले के प्रसिद्ध ऐतिहासिक सूर्यपीठ औंगारी धाम में तैयारियां तेज हो गई हैं। यहां कार्तिक और चैत्र महीने में लगने वाले मेले में देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी लाखों श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन और औंगारी धाम ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

विधायक और प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा

आगामी राजकीय मेले की तैयारियों का निरीक्षण करने इस्लामपुर विधायक रूहेल रंजन, डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज, एसडीएम अमित कुमार पटेल और औंगारी धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष रामभूषण दयाल सहित कई अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान छठ घाटों, मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों और श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था

मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग का काम पूरा कर लिया गया है। संवेदनशील स्थानों और प्रमुख रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे 24 घंटे निगरानी होगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी बनाए जा रहे हैं।

महिला व्रतियों के लिए बनेंगे चेंजिंग रूम

छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों के नजदीक अस्थायी चेंजिंग रूम तैयार किए जा रहे हैं। पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चापाकलों की मरम्मत कराई गई है। मुख्य पार्किंग स्थल के पास नया चापाकल भी लगाया जा रहा है। वहीं, पूरे मेला परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।

 

 

24 बेसिन वाले नए शौचालय का निर्माण पूरा

औंगारी धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष रामभूषण दयाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 39 बेसिन वाले डीलक्स शौचालय के साथ 24 बेसिन वाले नए आधुनिक शौचालय का निर्माण पूरा हो चुका है। इसका उद्घाटन 14 तारीख को किया जाएगा। इसके अलावा ट्रस्ट की ओर से छठ व्रतियों के बीच दूध, नारियल और जरूरी पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा।

श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील

निरीक्षण के दौरान सीओ विनीत व्यास, ट्रस्ट उपाध्यक्ष बीएन यादव, डॉ. संजीव कुमार, दिलीप कुमार टिंकू, पंकज कुमार और धर्मेंद्र कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे। प्रशासन और ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेले के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखें तथा निर्धारित स्थानों पर ही ठहरकर छठ पूजा का अनुष्ठान संपन्न करें। इस बार औंगारी धाम में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

 

रिपोर्ट – वीरेंद्र कुमार

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...