नवादा। जिले में नए राशन कार्ड बनाने और लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूरा कराने के लिए आपूर्ति विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत कुमार की अध्यक्षता में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों और आपूर्ति निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें राशन कार्ड निर्माण, ई-केवाईसी, खाद्यान्न वितरण और ऑनलाइन आवेदनों के निष्पादन की प्रगति पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में 73,000 नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले अब तक 77,099 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से करीब 65 प्रतिशत लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूरा हो गया है, जबकि 55 प्रतिशत आवेदकों को नए राशन कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीत कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। जिन परिवारों के किसी एक सदस्य का ई-केवाईसी अधूरा होने के कारण कार्ड निर्माण रुका हुआ है, ऐसे मामलों में विशेष ध्यान देकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए।
समीक्षा के दौरान नवादा, पकरीबरावां, वारिसलीगंज और काशीचक प्रखंडों में ई-केवाईसी की प्रगति 60 प्रतिशत से कम पाई गई। इस पर संबंधित अधिकारियों को जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के साथ बैठक कर अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नवंबर महीने के खाद्यान्न उठाव और वितरण की भी समीक्षा की गई। रंजीत कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य खाद्य निगम से केवल निर्धारित गुणवत्ता वाला खाद्यान्न ही प्राप्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब गुणवत्ता के अनाज का किसी भी स्थिति में उठाव या वितरण नहीं होना चाहिए।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी प्रखंड अधिकारियों को सिटीजन पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा। जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के जरिए ग्रामीण परिवारों और पात्र नागरिकों को इस सुविधा की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।
रंजीत कुमार ने राशन कार्ड के आवेदकों से अपील की कि वे अपने परिवार के सभी सदस्यों का ई-केवाईसी जल्द पूरा करा लें। इसके लिए ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप का इस्तेमाल घर बैठे किया जा सकता है। इसके अलावा लाभार्थी अपने नजदीकी जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान पर जाकर भी ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।