Madhya Pradesh News: दीपावली के त्योहार से पहले रेणुका माता मंदिर स्थित दशहरा मैदान में लगाए गए पटाखा बाजार में सुरक्षा नियमों की अनदेखी का मामला सामने आया है। दरसअल, बाजार में आवंटित 71 दुकानों में कई जगह नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था। जिससे कहीं दुकानों के बीच निर्धारित तीन फीट की दूरी के बजाय महज एक फीट का अंतर मिला, तो कहीं एक दुकान आवंटित होने के बावजूद व्यापारियों ने दो-दो दुकानें लगा लीं। जिसके वजह से इन अनियमितताओं को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त नाराजगी जताई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पटाखा बाजार में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम (Police Team) ने निरीक्षण किया। वहीं, इस दौरान नगर निगम (Nagar Nigam) आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने दुकानदारों को नियमों का पालन नहीं करने पर जमकर फटकार लगाई। जिसमें उन्होंने आदेश दिए कि निर्धारित सीमा से बाहर लगाई गई अतिरिक्त दुकानों को तत्काल हटाया जाए और सभी दुकानदार आवंटन के नियमों के अनुसार ही व्यापार करें।
निरीक्षण के दौरान यह शिकायत भी सामने आई कि कुछ आवंटित दुकानों (Allocated Shops) पर संबंधित व्यक्ति के बजाय दूसरे लोग बैठकर व्यापार कर रहे हैं। इसके अलावा कथित तौर पर ऑन मनी (On money) देकर दुकानें हासिल करने की शिकायतें भी अधिकारियों तक पहुंचीं। जिसमें प्रशासन ने साफ कहा है कि जिस व्यक्ति के नाम पर दुकान आवंटित की गई है, वही दुकान पर बैठकर व्यापार करेगा। अब ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पटाखा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसडीएम पल्लवी पौराणिक ने दुकानों में अग्निशमन उपकरणों और लाइसेंस (License) की जांच की। वहीं, जिला पंचायत सीईओ सर्जन सिंह वर्मा ने बिजली व्यवस्था का निरीक्षण किया, ताकि किसी भी प्रकार की शॉर्ट सर्किट (Short Circuit) या आगजनी की घटना को रोका जा सके।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बाजार परिसर में पटाखों का डेमो करना प्रतिबंधित है। ऐसे में यदि कोई दुकानदार पटाखे चलाकर उनका प्रदर्शन करता पाया गया तो उसका लाइसेंस निरस्त (License Cancel) करने के साथ जुर्माने (Fine) की कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी व्यापारियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दुकानें संचालित करने के आदेश दिए हैं। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर पटाखा बाजार में हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में अब देखना यह होगा कि प्रशासन की सख्ती के बाद पटाखा बाजार में सुरक्षा नियमों का पालन होता है या 71 दुकानों के इस बाजार में व्यापारियों की मनमानी जारी रहती है।
ये भी पढ़ें: https://www.rninews.co.in/jk-cement-panna-workers-crash-helmet-distribution-safety-awareness/