1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. शिवपुरी में कुशवाह समाज का एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोग, यहां जानें पूरा मामला

शिवपुरी में कुशवाह समाज का एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोग, यहां जानें पूरा मामला

Madhya Pradesh News: शिवपुरी के राजा की मुड़ैरी गांव में कुशवाह परिवार पर हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर कुशवाह समाज ने एसपी ऑफिस का घेराव किया। एसपी ने तीन दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया। ऐसे में आइए यह जानें खबर को लेकर पूरी जानकारी

By: Aparna Panwar 
Updated:
शिवपुरी में कुशवाह समाज का एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे लोग, यहां जानें पूरा मामला

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में कुशवाह परिवार पर हुए हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज कुशवाह समाज के लोगों ने आज सोमवार को एसपी कार्यालय का घेराव किया। बता दें समाज के लोग एसपी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। जिसमें करीब कुछ देर तक चले प्रदर्शन के बाद एसपी के आश्वासन पर समाजजनों ने धरना समाप्त कर दिया।

राजा की मुड़ैरी गांव में कुशवाह परिवार पर हमले का मामला

जानकारी के लिए बता दें मामला शिवपुरी के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम राजा की मुड़ैरी का है। जिसमें आरोप है कि 18 अक्टूबर की रात अमन शर्मा, अंकित शर्मा और टीटू शर्मा सीताराम कुशवाह की दुकान पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने गाली-गलौज करते हुए बंदूक से फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, इस मामले में सिरसौद थाना पुलिस ने 19 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की थी। जिसके बाद पीड़ित पक्ष की मांग है कि फायरिंग के मामले में आर्म्स एक्ट (Arms Act) की धारा भी जोड़ी जाए।

महिला पर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप

दरसअल, ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 21 अक्टूबर की रात करीब एक बजे सीताराम कुशवाह की गैरमौजूदगी में आरोपियों और उनके परिवार के सदस्यों ने उनकी भाभी मिथलेश कुशवाह, रेखा कुशवाह और भरत कुशवाह पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया। इस हमले में एक महिला की हाथ की उंगली कटकर अलग हो गई, जबकि सिर में भी गंभीर चोट आई। इस घटना में भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।

एसपी ने तीन दिन में कार्रवाई का दिया आश्वासन

कुशवाह समाज का आरोप है कि दोनों मामलों में नामजद आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। जिसमें पीड़ित परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल है। प्रदर्शन के दौरान मौके पर पहुंचे एसडीओपी ने समाज के लोगों को समझाने का प्रयास किया है, लेकिन इस दौरान बहस की स्थिति बन गई। बाद में एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने समाज के पांच प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और तीन दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद समाज के लोगों ने धरना समाप्त कर दिया।

गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग

समाजजनों ने ज्ञापन के माध्यम से सभी नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, फायरिंग में इस्तेमाल बंदूक जब्त करने, उसका लाइसेंस निरस्त करने और पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, इस दौरान पीड़ित प्रमोद कुशवाह और समाजजन संजय कुशवाह ने भी अपनी बात रखी। ऐसे में अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन अपने तीन दिन के आश्वासन के भीतर आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

ये भी पढ़ें: https://www.rninews.co.in/neemuch-disabled-woman-munni-bai-justice-yatra-cm-house/

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...