बिहार के जहानाबाद में पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान लोगों के लिए राहत लेकर आया है। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के आठवें चरण में 39 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए। 2 नवंबर को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
जहानाबाद पुलिस की तकनीकी टीम लगातार गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी है। इसी अभियान के तहत आठवें चरण में 39 मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली। मोबाइल वापस मिलने पर गृहिणियों, किसानों, मजदूरों समेत अलग-अलग वर्गों के लोगों ने खुशी जाहिर की और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।

ऑपरेशन मुस्कान के तहत जहानाबाद पुलिस ने वर्ष 2025 में 88 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए थे। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक 502 मोबाइल फोन वापस किए जा चुके हैं। पुलिस की इस पहल से सैकड़ों लोगों को आर्थिक राहत मिली है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें। इसके साथ ही भारत सरकार के CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर मोबाइल के IMEI नंबर के जरिए शिकायत दर्ज कराएं और फोन ब्लॉक करवाएं। पुलिस के मुताबिक, इस प्रक्रिया से मोबाइल के गलत इस्तेमाल को रोकने और उसकी बरामदगी में मदद मिल सकती है।