Uttar Pradesh News: गोरखपुर महानगर के 17 वार्डों को जलभराव और सीवर की समस्या से निजात दिलाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से पहले चरण में पूरी हुई परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि दूसरे चरण में 794 करोड़ रुपये की लागत वाली सीवर परियोजना का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के विकास, रोजगार, उद्योग, कानून-व्यवस्था और किसानों के हितों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। वहीं समाजवादी पार्टी पर माफिया संरक्षण और जमीन कब्जाने की प्रवृत्ति का आरोप लगाते हुए तीखा हमला भी बोला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता और मां पार्वती के जयकारे के साथ की। मंच पर मौजूद मंत्री संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायकगण और पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरखपुर के 17 वार्डों की जलनिकासी की समस्या के समाधान के साथ विकास की नई योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से 7 किलोमीटर 750 मीटर लंबे आरसीसी नाले का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही 17.5 किलोमीटर इंटरसेप्टिंग ट्रंक सीवर लाइन, 38 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 61 एमएलडी मेन पंपिंग स्टेशन और 14 ब्रिज कल्वर्ट के कार्य पूरे हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने दूसरे चरण की परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 794 करोड़ रुपये की लागत से 342 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके अंतर्गत लगभग 45 हजार सीवर कनेक्शन दिए जाएंगे। साथ ही 27 एमएलडी और 37.5 एमएलडी क्षमता के दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस पूरी परियोजना से लगभग ढाई से तीन लाख की आबादी को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे कॉलोनी, पिचिया, शाहपुर, सेमरा, बसारतपुर, राप्तीनगर और रामजानकी नगर सहित रेलवे लाइन के उत्तर क्षेत्र के कई मोहल्लों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने दीपावली से पहले गोरखपुरवासियों को इस सौगात के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर के उत्तरी क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या रहती थी। गंदगी, जलजमाव और अस्वच्छ पेयजल के कारण इंसेफेलाइटिस, मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बना रहता था। उन्होंने बताया कि गोरखपुर के गोरदुआ नाले के व्यवस्थित निर्माण के दौरान अवैध कब्जे हटाने के साथ पहले से बने मकानों को नुकसान न पहुंचे, इसका भी ध्यान रखा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह प्रभावित परिवारों की समस्या लेकर उनके पास आए थे। सरकार ने मकानों को बचाने के साथ नाले का निर्माण भी पूरा कराया। उन्होंने कहा कि अब नाले में गंदगी नहीं जाएगी। यहां से निकलने वाले पानी को ट्रीटमेंट के बाद ही रामगढ़ताल में पहुंचाया जाएगा, जिससे ताल की स्वच्छता और सुंदरता बनी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर को मच्छर और माफिया से मुक्त करने की दिशा में भी सरकार ने काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरखपुर में फोरलेन सड़कों का जाल बिछ रहा है। फर्टिलाइजर का निर्माण हुआ है और शहर को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि आज गोरखपुर में एम्स, मेडिकल कॉलेज और चार विश्वविद्यालय हैं। शहर के चारों ओर फोरलेन कनेक्टिविटी विकसित हुई है। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ताल के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले लोग रामगढ़ताल की तरफ जाने से भी कतराते थे, लेकिन आज इसकी तस्वीर बदल चुकी है। उन्होंने सांसद रवि किशन का जिक्र करते हुए कहा कि पहले लोग घूमने के लिए मुंबई जाते थे, लेकिन अब मुंबई से रवि किशन भी गोरखपुर में रामगढ़ताल के किनारे अपना ठिकाना बना चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोरखपुर का युवा रोजगार के लिए बाहर जाता था, जबकि आज दूसरे स्थानों के लोग भी रोजगार के लिए गोरखपुर आ रहे हैं। इसका कारण सुरक्षा, स्वच्छता और विकास है। उन्होंने कहा कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बन रहा है और नए उत्तर प्रदेश का नया गोरखपुर भी तैयार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह उसी दिन सुबह चौरी-चौरा गए थे। वहां उन्होंने शहीद स्मारक और क्रांतिकारियों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में बाबा गोरखनाथ मंदिर और गीता प्रेस हमारी धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहर हैं। वहीं चौरी-चौरा की धरती देश की आजादी के लिए हुए संघर्ष और क्रांतिकारियों के बलिदान की प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौरी-चौरा शहीद स्मारक तक जाने के लिए पहले उचित मार्ग नहीं था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार आने के बाद वहां रेलवे लाइन के ऊपर फ्लाईओवर बनवाकर बेहतर कनेक्टिविटी दी गई। उन्होंने कहा कि अब कोई भी व्यक्ति किसी भी समय चौरी-चौरा शहीद स्मारक पहुंचकर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दे सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में त्योहार मनाते हैं, बाजारों में रौनक देखते हैं और उत्सवों का आनंद लेते हैं, उसके पीछे हमारे पूर्वजों और क्रांतिकारियों का बलिदान है। उन्होंने चौरी-चौरा, डोहरिया, अमर बलिदानी शहीद बंधू सिंह और पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी और सम्मान की रक्षा के लिए ऐसे क्रांतिकारी हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर में जाम, गंदगी, जलभराव, माफिया और मच्छरों का आतंक था। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी को माफिया प्रवृत्ति की पार्टी बताते हुए कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही समाजवादी पार्टी के लोग कभी सीधे नहीं हो सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी मौका मिला, समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों ने जमीनों पर कब्जा करने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर जेल बाईपास रोड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक प्रतिष्ठित परिवार की दो हवेलियां थीं। समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान उन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, विरोध के बावजूद परिवार को आशंका थी कि उनकी संपत्ति पर कब्जा हो जाएगा, इसलिए उस परिवार ने रातोंरात अपनी दोनों हवेलियां गिरवा दीं। उन्होंने आर्यनगर की एक घटना का भी जिक्र किया और कहा कि वहां एक माफिया ने प्रतिष्ठित परिवार की हवेली पर कब्जा करने का प्रयास किया था। उस समय वह स्वयं सांसद थे और मौके पर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदली है। अब कोई गरीब, व्यापारी या सम्मानित नागरिक की जमीन अथवा मकान पर कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बेटियां सुरक्षित माहौल में स्कूल नहीं जा पाती थीं और व्यापारी भी भयमुक्त होकर व्यापार नहीं कर पाते थे।उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा का वातावरण नहीं होता तो निवेश भी नहीं आता। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है। किसी गरीब, व्यापारी या सम्मानित व्यक्ति की संपत्ति पर कब्जा करने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता। महिलाओं की सुरक्षा पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो समाज अपनी बेटियों और बहनों को सुरक्षा नहीं दे सकता, उससे ज्यादा नाकारा स्थिति दूसरी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। मुख्यमंत्री ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी बेटी के साथ छेड़खानी या जबरदस्ती करने वाले को जेल या जहन्नुम में से किसी एक रास्ते पर जाना ही पड़ेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि आज पूर्वी उत्तर प्रदेश निवेश का एक बेहतर केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों में लगभग 50 हजार युवाओं को वहां नौकरी और रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में फर्टिलाइजर, चीनी मिल, डिस्टिलरी, डेयरी, इथेनॉल प्लांट, स्टील प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री जैसे उद्योगों का विस्तार हो रहा है। इसके अलावा सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ने भी काम करना शुरू कर दिया है। आयुष विश्वविद्यालय भी अपना कार्य प्रारंभ कर चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में सैनिक स्कूल की स्थापना भी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवा केवल नौकरी तलाशने वाला न रहे, बल्कि नौकरी देने वाला भी बने।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और पीएम स्वनिधि योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा योजना के अंतर्गत युवाओं को ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त बैंक ऋण उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि वे अपना कारोबार शुरू कर सकें और दूसरे लोगों को भी रोजगार दे सकें। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी और स्ट्रीट वेंडर को आर्थिक सहायता और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा, किसान, महिलाएं और गरीब सभी के उत्थान के लिए डबल इंजन सरकार ने योजनाएं तैयार की हैं। उन्होंने गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलने की बात भी कही।

मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में दो बार आए साइक्लोन के प्रभाव से असमय बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे अन्नदाता किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि सभी जिला प्रशासन को समय से सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित किसानों को विशेष पैकेज दिया जाएगा और उन्हें मुआवजे का भुगतान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता युवा, किसान, नारी और गरीब सहित समाज के सभी वर्गों का उत्थान करना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली और छठ महापर्व को लेकर लोगों से सामाजिक सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली का असली आनंद तभी है, जब हम किसी गरीब की झोपड़ी में भी दीपक जलाने का काम करें और उसके परिवार के साथ खुशियां बांटें। मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने मोहल्लों में रहने वाले गरीब परिवारों, सफाई कर्मचारियों और मलिन बस्तियों में जाएं। गरीब परिवारों को दीपावली की मिठाई दें और उनके साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं दीपावली के दिन वनटांगिया गांव जाते हैं और वहां के लोगों के साथ दीपावली मनाते हैं। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर महानगर के कार्यकर्ताओं से भी इसी तरह गरीबों के घर पहुंचकर खुशियां बांटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपनी खुशी में से थोड़ी खुशी दूसरों तक पहुंचाने से जीवन में आत्मिक संतुष्टि मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के अवसर पर अपने मोहल्लों के मंदिरों, शहीद स्मारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के सामने भी एक दीप अवश्य जलाएं। उन्होंने कहा कि आज हम जिस सुरक्षित वातावरण में पर्व और त्योहार मना रहे हैं, उसमें देश के महापुरुषों और क्रांतिकारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हमारी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव का भी जिक्र किया और लोगों से दीपावली तथा छठ महापर्व को उत्साह और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। विकास की प्रक्रिया अनवरत जारी रखने का संकल्प अपने संबोधन के समापन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर महानगर के लोगों को दीपावली और छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार गोरखपुर के विकास की प्रक्रिया को लगातार आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बेहतर कनेक्टिविटी, जलनिकासी, सीवर व्यवस्था, उद्योग, रोजगार और कानून-व्यवस्था के माध्यम से गोरखपुर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
रिपोर्ट: अंकित श्रीवास्तव
ये भी पढ़ें: https://www.rninews.co.in/yogi-adityanath-chauri-chaura-288-crore-development-projects/