नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने मशहूर पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी की घोषणा की है। 31 अक्टूबर 2026 को दोनों ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते हुए इस खुशखबरी की जानकारी दी। उमर अब्दुल्ला ने इसे जिंदगी के नए सफर की शुरुआत बताया।

उमर अब्दुल्ला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर निधि राजदान के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “कल एक नए सफर की शुरुआत हुई।” इस पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया। वहीं, निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “It’s Done Bro”। उनकी इस पोस्ट के बाद दोनों को बधाइयां मिलने लगीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों का विवाह समारोह 30 अक्टूबर को निजी तरीके से आयोजित हुआ। इसके बाद 31 अक्टूबर को दिल्ली में खास मेहमानों के लिए रिसेप्शन का आयोजन किए जाने की खबर है। हालांकि, समारोह से जुड़ी विस्तृत जानकारी दोनों की ओर से सार्वजनिक नहीं की गई है।

उमर अब्दुल्ला की पहली शादी पायल अब्दुल्ला से हुई थी। दोनों का विवाह 1994 में हुआ था और उनके दो बेटे हैं। लंबे समय से अलग रह रहे इस जोड़े के विवाह को 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने आपसी सहमति से समाप्त कर दिया था। इसके करीब तीन महीने बाद उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान के साथ अपने नए रिश्ते की घोषणा की है।