सीहोर। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन की पहल से सीहोर में 40 महिलाओं ने अपने व्यवसाय शुरू किए हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपनी आजीविका के लिए नए अवसर विकसित करने में सहयोग देना है।
महिला उद्यमिता कार्यक्रम के तहत महिलाओं ने अपनी रुचि, कौशल और स्थानीय बाजार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवसायों की शुरुआत की है। इनमें किराना दुकान, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कॉस्मेटिक शॉप, आटा चक्की, रेडीमेड कपड़ों की दुकान, साड़ी व्यवसाय, पीको सेंटर और सब्जी की दुकान जैसे काम शामिल हैं। इन व्यवसायों के माध्यम से महिलाएं अपनी आय बढ़ाने के साथ रोजगार के नए अवसरों की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।

स्वयं का व्यवसाय शुरू करना महिलाओं के लिए आर्थिक स्वतंत्रता हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उन्हें परिवार की आय में योगदान देने, अपने निर्णय स्वयं लेने और समाज में अपनी पहचान मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन का यह कार्यक्रम महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने और आजीविका के बेहतर विकल्पों से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। इस तरह की पहल महिलाओं को अपनी क्षमताओं का उपयोग करने, आर्थिक रूप से मजबूत बनने और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर आगे बढ़ने में मददगार साबित हो सकती है।