MP Investment News: मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और नए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए राज्य सरकार निवेश पर जोर दे रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दावा किया कि प्रदेश में पिछले ढाई साल के दौरान 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारा जा चुका है। बता दें कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर मध्यप्रदेश की आर्थिक प्रगति को गति दे रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्या कुछ कहा यहां विस्तार से जानते हैं।
भोपाल में आयोजित दो दिवसीय विकसित भारत उद्योग-व्यापार सम्मेलन (Viksit Bharat Udyog Vyapar Sammelan 2026) में प्रदेश के औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। फेडरेशन ऑफ एमपी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के इस सम्मेलन में विभिन्न उद्यमियों ने करीब 7,500 करोड़ रुपये के निवेश के मंतव्य प्रस्तुत किए। बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस बात की भी जानकारी दी कि सरकार की पारदर्शी नीतियों से उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया आसान हो रही है। निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने ग्वालियर को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग (Telecom Manufacturing) के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही। इसके साथ ही जबलपुर-इंदौर आर्थिक कॉरिडोर को प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया है। इस कॉरिडोर से महाकौशल और मालवा के बीच आर्थिक संपर्क मजबूत होगा। इससे रायसेन जैसे जिलों को भी विकास का लाभ मिलने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

डॉ. यादव ने बीना रिफाइनरी से जुड़ी डाउनस्ट्रीम परियोजना (Downstream Project) का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश से पेट्रोकेमिकल उद्योग के विस्तार की संभावनाएं बनेंगी। इस परियोजना से प्रतिवर्ष 22 लाख टन से अधिक पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार होने की संभावना है।
वहीं, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया (Make in India) अभियान को आगे बढ़ाने में उद्योग जगत की अहम भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि कृषि और उद्योग दोनों क्षेत्रों के विकास से मध्यप्रदेश आर्थिक समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने कहा कि रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव, रीजनल डेवलपमेंट प्लान और मेट्रोपॉलिटन एरिया जैसी पहलों से उद्योग एवं व्यापार जगत का भरोसा बढ़ा है। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों उद्यमियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान फेडरेशन के कई प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया।
ये भी पढ़ें: https://www.rninews.co.in/panna-bjp-loktantra-bachao-bheedtantra-hatao-abhiyan/