Uttar Pradesh News: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन के दौरान लगभग 150 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक महिला की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसके इंटर पास भाई के लिए नौकरी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। वहीं, राजस्व और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश और बेहतर उपचार की व्यवस्था करनी की बात कही । जनता दर्शन के पहले मुख्यमंत्री ने गौशाला में गायों को गुड़ खिलाकर गौ सेवा भी की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों से एक-एक कर मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक महिला फरियादी ने अपनी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही। महिला ने बताया कि अगर उसके भाई को कहीं नौकरी मिल जाती, तो परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती थी। इस पर मुख्यमंत्री ने महिला से उसके भाई की शैक्षिक योग्यता के बारे में जानकारी ली। महिला ने बताया कि उसका भाई इंटर पास है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को महिला के भाई के लिए नौकरी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

जनता दर्शन में राजस्व और स्वास्थ्य से जुड़े मामले भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों को उचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को दुलार किया और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोसेवा की और गायों के प्रति स्नेह जताया। मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में लगभग 150 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को उनके त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
रिपोर्ट: अंकित श्रीवास्तव
ये भी पढ़ें: https://www.rninews.co.in/mp-71st-foundation-day-bhopal-rajyotsav-mohan-yadav/