Madhya Pradesh News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में ग्रामीण संस्कृति, किसान परंपराओं और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए 13 नवंबर को विशाल किसान-पशुपालक मेले का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुनैथ स्थित डांडे वाले बाबा प्रांगण में आयोजित होने वाले इस मेले में किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी। बता दें इस आयोजन को लेकर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में खासा उत्साह है। मेले में ग्रामीण परंपराओं और लोक संस्कृति से जुड़े कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
किसान-पशुपालक मेले का मुख्य आकर्षण पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ होगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण जीवन से जुड़ी पुरानी परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही कन्हैया लोकगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बुंदेली और ग्रामीण लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुति होगी।
इस भव्य आयोजन में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। ऐसे में मुख्यमंत्री की मौजूदगी को लेकर आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में किसानों और पशुपालकों को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालन के महत्व से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
आपकी जानकारी के लिए बता दें मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण परंपराओं को एक मंच पर लाना है। इसके जरिए पशुपालन को प्रोत्साहित करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी पारंपरिक ग्रामीण संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य ग्रामीण परंपराओं को नई पहचान दिलाना और किसान-पशुपालकों के योगदान को सम्मान देना है। कुल मिलाकर 13 नवंबर को ग्राम कुनैथ में किसान, पशुपालन, बैलगाड़ी दौड़ और लोकगीतों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। यह मेला ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर बनेगा।
ये भी पढ़ें: चीनी जासूसी विवाद में फंसे एनवीडिया CEO जेन्सेन हुआंग, पद से हटाने की तैयारी में बोर्ड! कंपनी में मचा हड़कंप
