Kishtwar SPOs Murder: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बता दें यहां बुधवार से लापता दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव आज गुरुवार को जंगल में बरामद किए गए। जिसमें दोनों पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या की गई थी। उनके शव गोलियों से छलनी हालत में मिले। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और आतंकियों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन (Search Operation) चलाया जा रहा है।
मृत पुलिसकर्मियों की पहचान बबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। जिसमें दोनों किश्तवाड़ जिले के दच्छन इलाके के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के साथ तैनात थे।
ऐसे में अधिकारियों का कहना है बुधवार को दोनों अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक लापता हो गए। काफी देर तक जब दोनों वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश भी की गई, लेकिन दोनों के फोन बंद मिले।
दरसअल, दोनों पुलिसकर्मियों की तलाश के दौरान गुरुवार सुबह उनके शव किश्तवाड़ के दुर्गम जंगली इलाके से बरामद किए गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों की गोली मारकर हत्या की गई थी। घटनास्थल से उनके सर्विस हथियार भी बरामद नहीं हुए हैं। इस वजह से आतंकियों की संलिप्तता का शक जताया जा रहा है।
पुलिसकर्मियों के लापता होने के बाद सुरक्षा बलों ने दच्छन के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों और घने जंगलों में तलाशी अभियान चलाया था। दुर्गम रास्तों में खोजबीन के लिए ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद ली गई। काफी प्रयासों के बाद दोनों के शव बरामद हुए।
बता दें दो पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। जंगलों और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश की जा रही है। सुरक्षा बलों का मुख्य उद्देश्य हमले में शामिल लोगों की पहचान करना और उन्हें पकड़ना है। घटना के बाद किश्तवाड़ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें: RBI New Rules: अब बिना बैंक खाते के भी भेज सकेंगे 50 हजार रुपये, यहां जानें कैश ट्रांसफर की नई लिमिट
