PM Modi News: दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में दिवाली मिलन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 (Prime Minister Narendra Modi 2047) तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य दोहराया। जिसमें उन्होंने मीडिया के साथ अपने पुराने अनुभव साझा किए और पत्रकारों को दिवाली व छठ की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार को दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) मुख्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह (Diwali Milan Ceremony) में मीडियाकर्मियों को संबोधित किया। वहीं, इस दौरान उन्होंने देश को विकसित बनाने के लक्ष्य पर बात करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। पीएम मोदी ने पत्रकारों के साथ अपने पुराने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि मीडिया के साथ उनका रिश्ता काफी पुराना और सहज रहा है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए 2047 की समयसीमा तय है। साथ ही, उन्होंने इस लक्ष्य को देश के भविष्य से जोड़ते हुए अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री ने कहा कि मीडिया के लोगों की जिंदगी डेडलाइन के हिसाब से चलती है। पत्रकारों को हर खबर समय पर तैयार करनी होती है।
मीडिया की बदलती भूमिका का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि हर घर में क्रिकेट का एक्सपर्ट्स मिल जाता है, लेकिन आज स्थिति बदल गई है। अब गली-गली में हर खबर का विशेषज्ञ मिल जाता है। उनके इस बयान को मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने पुराने राजनीतिक दिनों को याद करते हुए बताया कि 1990 के दशक की शुरुआत में उन्हें देशभर में दो बड़ी यात्राओं की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मिली थी। उस समय प्रेस रिलीज भेजने के लिए फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी। साथ ही, उन्होंने कहा कि उन्होंने मीडिया के कामकाज में लंबे समय तक बदलाव देखा है। प्रेस रिलीज के दौर से लेकर इंस्टाग्राम रील तक मीडिया की दुनिया पूरी तरह बदल चुकी है। पीएम मोदी ने बताया कि उनका पत्रकारों के साथ वर्षों से सहज और सौहार्दपूर्ण संबंध रहा है।
पीएम मोदी ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब वह दिल्ली में 11 अशोका रोड स्थित एक कमरे में रहते थे, तब एक दिन कुछ पत्रकार अचानक उनके कमरे में पहुंच गए। पत्रकारों ने उनसे मिठाई खिलाने की मांग की। जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो पत्रकारों ने कहा कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उस समय यह जानकारी बहुत कम लोगों को थी, लेकिन पत्रकारों को इसकी भनक पहले ही लग गई थी। बाद में उनकी यह बात सही साबित हुई।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले महीने उन्हें हेड ऑफ द गवर्नमेंट (Head of the Government) यानी सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे हुए हैं। उन्होंने इस दौरान मीडिया से जुड़े अपने लंबे अनुभवों का भी जिक्र किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने सभी मीडियाकर्मियों और उनके परिवारों को दीपावली और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में प्रदूषण का डबल अटैक, निर्माण पर रोक और स्कूलों में हाइब्रिड क्लास होगी शुरू
