Chhath Puja Special Trains: छठ महापर्व पर घर लौटने और पर्व के बाद वापस जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिसमें यात्रियों की सुविधा और स्टेशनों पर भीड़ को काबू करने के लिए कुल 214 ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों के कुल 2044 फेरे निर्धारित किए गए हैं। वहीं, गोरखपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं, जहां यात्रियों को टिकट से लेकर पेयजल, प्राथमिक उपचार और ट्रेन की जानकारी तक की सुविधाएं मिलेंगी।
जानकारी के लिए बता दें छठ पर्व पर ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के साथ ही स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की है। रेलवे की ओर से कुल 214 ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनमें 42 ओरिजिनेटिंग ट्रेनें शामिल हैं, जिनके 250 से अधिक फेरे हैं। वहीं, 66 टर्मिनेटिंग ट्रेनों के 532 फेरे और 105 पासिंग ट्रेनों के 1255 फेरे निर्धारित किए गए हैं। इस तरह कुल 2044 फेरों के जरिए यात्रियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
ट्रेनों के संचालन के साथ ही यात्रियों की भीड़ को सीधे प्लेटफॉर्म पर इकट्ठा होने से रोकने के लिए गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर चार होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनमें तीन प्लेटफॉर्म नंबर एक की तरफ और एक प्लेटफॉर्म नंबर नौ की तरफ बनाया गया है। इसके अलावा वाराणसी मंडल के छपरा, बलिया, सिवान और देवरिया जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी अस्थायी होल्डिंग एरिया तैयार किए जाएंगे। इनका उद्देश्य यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों तक पहुंचाना और प्लेटफॉर्म पर भगदड़ जैसी स्थिति बनने से रोकना है।
गोरखपुर स्टेशन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, यूटीएस टिकटिंग की व्यवस्था और बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। स्क्रीन पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लगातार अनाउंसमेंट किया जाएगा। यात्रियों के लिए पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की गई है। ट्रेन के आने में यदि समय है तो यात्री प्लेटफॉर्म पर इंतजार करने के बजाय होल्डिंग एरिया में बैठकर अपना समय बिता सकेंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि छठ पर्व पर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त ट्रेनों और होल्डिंग एरिया के माध्यम से भीड़ नियंत्रित की जाएगी। यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर भेजा जाएगा, ताकि स्टेशन पर अव्यवस्था और भगदड़ की स्थिति न बने।
रिपोर्ट: अंकित श्रीवास्तव
ये भी पढ़ें: आरोन में दिग्विजय सिंह का हुआ खास स्वागत, दीपों से सजा पूरा नगर