1. हिन्दी समाचार
  2. मनोरंजन
  3. करीना कपूर के 200 साल पुराने शाही पेंडेंट पर विवाद, कांग्रेस नेता ने भेजा कानूनी नोटिस; मांगी सार्वजनिक माफी

करीना कपूर के 200 साल पुराने शाही पेंडेंट पर विवाद, कांग्रेस नेता ने भेजा कानूनी नोटिस; मांगी सार्वजनिक माफी

करीना कपूर खान के 200 साल पुराने भोपाली शाही पेंडेंट पर विवाद खड़ा हो गया है। 30 कैरेट के पन्ने पर कुरान की आयत आयतुल कुर्सी अंकित है। इसको लेकर कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना और स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजकर तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक माफी की मांग की है।

By: Nivedita 
Updated:
करीना कपूर के 200 साल पुराने शाही पेंडेंट पर विवाद, कांग्रेस नेता ने भेजा कानूनी नोटिस; मांगी सार्वजनिक माफी

Kareena Kapoor Legal Notice:  बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि दिवाली के मौके पर पहना गया एक बेशकीमती शाही पेंडेंट है। भोपाल के नवाबी परिवार की विरासत से जुड़े इस गहने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता अब्बास हफीज ने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में सोशल मीडिया से संबंधित तस्वीरें हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, दिवाली के अवसर पर करीना कपूर ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों में वह हल्के रंग के सिल्वर कफ्तान और मैचिंग पगड़ी में नजर आईं। उनके इस शाही अंदाज की सबसे ज्यादा चर्चा गले में पहने गए 30 कैरेट के पन्ने वाले पेंडेंट को लेकर हुई। यह कोई सामान्य ज्वेलरी नहीं, बल्कि करीब 200 साल पुरानी ऐतिहासिक धरोहर बताई जा रही है। इस पन्ने पर इस्लाम की पवित्र आयत ‘आयतुल कुर्सी’ अंकित है, जो कुरान की सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है।

भोपाल के नवाबी परिवार से जुड़ा है पेंडेंट

करीना के इस खास गहने का संबंध भोपाल के पूर्व शाही परिवार से बताया गया है। उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस ज्वेलरी की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी साझा की थी। रिया के मुताबिक, यह पेंडेंट भोपाल की बेगम की विरासत का हिस्सा है और सैफ अली खान के परिवार के जरिए करीना तक पहुंचा है। सैफ की दादी साजिदा सुल्तान भोपाल के अंतिम शासक नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी थीं। इसी पारिवारिक विरासत के कारण यह शाही आभूषण पटौदी परिवार से जुड़ा हुआ है।

आयतुल कुर्सी को लेकर क्यों जताई गई आपत्ति?

इस पेंडेंट पर विवाद की मुख्य वजह उस पर अंकित कुरान की आयत को सोशल मीडिया तस्वीरों में प्रदर्शित करने का तरीका है। अब्बास हफीज का कहना है कि पवित्र धार्मिक आयत को फैशन एक्सेसरी के रूप में पेश करना धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी आपत्ति करीना के कपड़ों, व्यक्तिगत पसंद या दिवाली मनाने को लेकर नहीं है, बल्कि धार्मिक आयत की प्रस्तुति को लेकर है। उनका मानना है कि इस तरह की पवित्र धार्मिक निशानी को प्रदर्शित करते समय उसकी गरिमा और सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

Read More –  Ramayana Box Office Collection Day 8: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने रचा इतिहास, 8 दिनों में दुनियाभर से कमाए 1000 करोड़ रुपये – RNI News

 

 

कानूनी नोटिस में रखी गईं ये मांगें

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को जारी कानूनी नोटिस करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को भेजा गया है। इसमें मुख्य रूप से तीन मांगें रखी गई हैं:

  • करीना और रिया के सोशल मीडिया अकाउंट से पेंडेंट वाली तस्वीरें और वीडियो हटाए जाएं।
  • मुस्लिम समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जाए।
  • भविष्य में पवित्र कुरान की आयत की धार्मिक गरिमा प्रभावित न हो, इसका आश्वासन दिया जाए।

अब्बास हफीज ने यह भी स्पष्ट किया है कि उन्होंने यह नोटिस कांग्रेस पार्टी की ओर से नहीं, बल्कि अपनी व्यक्तिगत हैसियत से भेजा है।

फिलहाल करीना कपूर की ओर से नहीं आया जवाब

इस पूरे विवाद के बीच अभी तक करीना कपूर खान और रिया कपूर की ओर से कानूनी नोटिस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस विषय को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। फिलहाल यह विवाद भोपाल के शाही परिवार की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था और फैशन में पारंपरिक आभूषणों के इस्तेमाल को लेकर नई बहस छेड़ रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट इस कानूनी नोटिस पर क्या रुख अपनाती हैं।

 

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...