1. हिन्दी समाचार
  2. बड़ी खबर
  3. बुरहानपुर में 40 साल से बसे आदिवासी परिवार, आज भी बुनियादी सुविधाओं का कर रहे इंतजार

बुरहानपुर में 40 साल से बसे आदिवासी परिवार, आज भी बुनियादी सुविधाओं का कर रहे इंतजार

Madhya Pradesh News: बुरहानपुर के नेपानगर वार्ड 24 में 40 साल से रह रहे 25-30 आदिवासी परिवार पानी, सड़क, बिजली और आवास जैसी सुविधाओं से वंचित हैं। रहवासियों ने प्रशासन से मदद की मांग की है। यहां जानें मामला

By: Aparna Panwar 
Updated:
बुरहानपुर में 40 साल से बसे आदिवासी परिवार, आज भी बुनियादी सुविधाओं का कर रहे इंतजार

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में आज भी कई आदिवासी परिवार मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दरसअल, नेपानगर के वार्ड क्रमांक 24 में करीब 25 से 30 आदिवासी परिवार पिछले 40 सालों से निवास कर रहे हैं, लेकिन इतने साल बीतने के बाद भी उनके जीवन में सुविधाओं की कमी बनी हुई है। रहवासियों का आरोप है कि चुनाव के समय नेता और जनप्रतिनिधि वोट मांगने तो पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद उनकी समस्याओं को भुला दिया जाता है।

नल-जल योजना के बावजूद नहीं मिल रहा पानी

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि वार्ड में पेयजल की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नगर में नल-जल योजना संचालित होने के बावजूद इन परिवारों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिसके वजह से लोगों को आज भी पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। इसके अलावा क्षेत्र में सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी है। रहवासियों का कहना है कि कई बार अपनी समस्याएं जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं मिला

वार्ड में रहने वाले आदिवासी परिवारों ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भी नाराजगी जताई है। जिसमें उनका कहना है कि पिछले कई दशकों से यहां रहने के बावजूद अब तक केवल एक परिवार को ही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल पाया है। रहवासियों ने आरोप लगाया कि योजना का लाभ जरूरतमंदों के बजाय प्रभावशाली लोगों को दिया जा रहा है, जबकि पात्र परिवार आज भी पक्के मकान और बेहतर सुविधाओं का इंतजार कर रहे हैं।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से लगाई गुहार

रहवासियों अर्जुन डावर, प्यारसिग टेमरिया और बिना बाई ने अपनी परेशानियां बताते हुए प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वे भी इसी शहर के निवासी हैं और उन्हें भी पानी, सड़क, बिजली तथा आवास जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए। अब इन परिवारों को प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से उम्मीद है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। सवाल यह है कि जब ये परिवार करीब 40 सालों से यहां रह रहे हैं, तो आखिर कब तक इन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए इंतजार करना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी की स्मृति में हुआ त्रयोदशी एवं गंगाजली पूजन

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...