भोपाल, 12 नवंबर 2026। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी की स्मृति में गुरुवार को भोपाल में त्रयोदशी एवं गंगाजली पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश और प्रदेश के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भोपाल पहुंचकर दिवंगत माताजी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
माताजी को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, लोक सभा स्पीकर श्री ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सहित छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं श्री अरुण साव भोपाल पहुंचे। सभी नेताओं ने स्वर्गीय श्रीमती काशी बाई जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और श्री शिवराज सिंह चौहान एवं उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति पर ढांढस बंधाया।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी का 30 अक्टूबर 2026 को भोपाल स्थित एम्स में उपचार के दौरान दुःखद निधन हो गया था। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और एम्स भोपाल में उनका उपचार चल रहा था। दिवंगत माताजी का सीहोर जिले में स्थित उनके पैतृक गांव जैत में वैदिक परंपराओं एवं विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था। उनके निधन से परिवार, शुभचिंतकों और परिचितों में शोक की लहर व्याप्त है।