Madhya Pradesh News: पन्ना जिले में अवैध शराब के कारोबार और पुलिस की कथित मिलीभगत को लेकर भगवती मानव कल्याण समिति ने विरोध प्रदर्शन किया। बता दें समिति के सैकड़ों कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और एसपी को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। वहीं, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर में रैली निकालकर अपना विरोध भी जताया।
समिति के पदाधिकारियों ने शराब ठेकेदार आशीष शिवहरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसमें उनका कहना है कि ठेकेदार के कथित गुर्गों के माध्यम से जिले के गांवों में अवैध रूप से शराब की सप्लाई कराई जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों का माहौल प्रभावित हो रहा है और युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने की आशंका है। ऐसे में समिति के सदस्यों का कहना है कि संगठन लंबे समय से नशामुक्ति अभियान चला रहा है। इसके तहत कार्यकर्ता गांवों में लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं। इसी अभियान के दौरान जब सेवादारों ने अवैध शराब के कारोबार का विरोध किया तो उन्हें कथित तौर पर परेशान किया जाने लगा।
प्रदर्शनकारियों ने रैपुरा थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। जिसके बाद समिति का आरोप है कि अवैध शराब की तस्करी की सूचना पुलिस को देने और कारोबार का विरोध करने वाले सेवादारों के खिलाफ रैपुरा थाना प्रभारी ने कथित रूप से झूठे मामले दर्ज किए हैं।
वहीं, कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध शराब की सप्लाई पर प्रभावी रोक लगाने और नशामुक्ति अभियान चलाने वाले कार्यकर्ताओं को सुरक्षा देने की भी मांग की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मामले को लेकर एसडीओपी आनंद तिवारी ने समिति के प्रतिनिधियों की बात सुनी। प्रदर्शन के दौरान विक्रम सिंह उर्फ पप्पू राजा और सूजन सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। ऐसे में अब देखना होगा कि ज्ञापन और प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है। फिलहाल समिति ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने की बात कही है।
ये भी पढ़ें: बुरहानपुर में 40 साल से बसे आदिवासी परिवार, आज भी बुनियादी सुविधाओं का कर रहे इंतजार
