Delhi-NCR Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। दरसअल, सर्दी बढ़ने के साथ हवा की गुणवत्ता भी खराब होती जा रही है। वहीं, आज शुक्रवार सुबह 6 बजे तक दिल्ली के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया। आईटीओ में सबसे ज्यादा 455 AQI दर्ज किया गया। वहीं, अक्षरधाम और आनंद विहार में भी प्रदूषण का स्तर 414 तक पहुंच गया। हालात को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली के अलग-अलग निगरानी केंद्रों से मिले आंकड़ों के मुताबिक, राजधानी में प्रदूषण का स्तर कई जगह गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। आईटीओ में सबसे ज्यादा 455 AQI रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा अक्षरधाम और आनंद विहार में 414, ओखला में 340, अरबिंदो मार्ग में 332 और करोल बाग में 328 AQI दर्ज किया गया। वहीं, मंदिर मार्ग में 278, आरके पुरम में 271, लोधी रोड में 262 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 251 AQI रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई है।
दिल्ली से सटे एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। जिसमें गाजियाबाद और गुरुग्राम में औसत AQI 377 दर्ज किया गया, जबकि नोएडा में यह आंकड़ा 369 रहा। फरीदाबाद में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। लगातार बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के लिए बता दें प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों की सेहत पर पड़ सकता है। हवा में मौजूद छोटे प्रदूषक कण फेफड़ों तक पहुंचकर खांसी, सांस लेने में परेशानी, गले में जलन और आंखों में खुजली जैसी समस्याएं पैदा कर सकते हैं।
अस्थमा और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। ऐसे में एक्सपर्ट्स की सलाह है कि प्रदूषण का स्तर ज्यादा होने पर घर से बाहर निकलने से बचें। सुबह और शाम की सैर के साथ खुले में व्यायाम करने से भी परहेज करें। जरूरत पड़ने पर ही बाहर जाएं और बच्चों तथा बुजुर्गों को जहरीली हवा के संपर्क में आने से बचाएं।
ये भी पढ़ें: School Holiday: बिहार के स्कूलों में बढ़ी छुट्टियां, यहां जानें कब खुलेंगे
