Kal Ka Mausam 5 November 2026: देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर से बदलने वाला है। दरसअल, चक्रवाती तूफान के प्रभाव के बीच मौसम विभाग ने 5 नवंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। जिसमें कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
जानकारी के लिए बता दें मौसम में इस बदलाव का असर उत्तर भारत के राज्यों में भी देखने को मिल सकता है। जिसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम बदलने की संभावना है। इसके अलावा कई राज्यों में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 5 नवंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, झारखंड, तमिलनाडु, सिक्किम, असम, कर्नाटक, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम खराब रह सकता है। कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह है, क्योंकि बारिश और आंधी से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
दिल्ली में 5 नवंबर को हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। यहां हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, गोरखपुर, देवरिया और वाराणसी समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
बिहार में पटना, गया, पूर्णिया, भागलपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, किशनगंज और कटिहार समेत कई जिलों में मध्यम बारिश और आंधी की चेतावनी है। यहां हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
झारखंड में 5 और 6 नवंबर को रांची, जमशेदपुर, देवघर, धनबाद और बोकारो समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी जाती है। आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोग मौसम विभाग की चेतावनियों और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।