1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पूर्वांचल में श्वेत क्रांति को नई उड़ान, 79 हजार महिलाओं की बदली तकदीर

पूर्वांचल में श्वेत क्रांति को नई उड़ान, 79 हजार महिलाओं की बदली तकदीर

गोरखपुर में बाबा श्री गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (MPO) से जुड़ी 79 हजार महिलाओं की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। संस्था ने महिला शेयरहोल्डर्स के बीच 1.04 करोड़ रुपये का लाभांश और निष्ठा प्रोत्साहन राशि वितरित की। तीन वर्षों में कारोबार 400 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि 6,800 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

By: Nivedita 
Updated:
पूर्वांचल में श्वेत क्रांति को नई उड़ान, 79 हजार महिलाओं की बदली तकदीर

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और मार्गदर्शन में पूर्वी उत्तर प्रदेश में श्वेत क्रांति को नई रफ्तार मिल रही है। ग्रामीण महिलाओं को पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम अब बड़े बदलाव का रूप ले रही है। इसकी एक बड़ी मिसाल श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन यानी एमपीओ बनकर उभरा है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत और नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से गठित इस संगठन ने अपनी स्थापना के महज तीन वर्षों में ही शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। एमपीओ ने लगातार दूसरे वर्ष दीपावली के अवसर पर अपनी पात्र महिला शेयरहोल्डर्स के बीच 1 करोड़ 4 लाख रुपये से अधिक का मुनाफा वितरित किया है।

दीपावली पर महिला सदस्यों को मिला 1.04 करोड़ रुपये का लाभ

दरअसल, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 1 करोड़ 4 लाख 33 हजार 722 रुपये की धनराशि महिला शेयरहोल्डर्स को दी गई है। इसमें 72 लाख 1 हजार 786 रुपये निष्ठा प्रोत्साहन राशि के रूप में और 32 लाख 31 हजार 936 रुपये लाभांश के रूप में वितरित किए गए हैं। खास बात यह है कि यह रकम महिलाओं को दूध की नियमित आपूर्ति से होने वाली आमदनी के अतिरिक्त एमपीओ के शुद्ध मुनाफे में से दी गई है। इस धनराशि को सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया है।

कारोबार में योगदान के आधार पर मिला प्रोत्साहन

एमपीओ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी धनराज साहनी के मुताबिक, महिलाओं को दी गई निष्ठा प्रोत्साहन राशि उनके कारोबार में योगदान के आधार पर निर्धारित की गई है। वहीं, इक्विटी शेयर पर आठ रुपये प्रति शेयर की दर से लाभांश दिया गया है। एमपीओ के प्रत्येक शेयर का अंकित मूल्य 100 रुपये है। कुल 4 लाख 3 हजार 992 इक्विटी शेयरों के सापेक्ष लाभांश का वितरण किया गया है। संस्था की स्थापना के बाद लगातार दूसरे वर्ष मुनाफे को महिला सदस्यों के साथ साझा करना अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 

सात जिलों की 79 हजार महिलाएं जुड़कर बढ़ा रहीं आमदनी

तीन वर्षों के भीतर इस एमपीओ से गोरखपुर मंडल सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के सात जनपदों की लगभग 79 हजार महिलाएं जुड़ चुकी हैं। इनमें गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ और संतकबीरनगर शामिल हैं। ये महिलाएं पशुपालन, दूध उत्पादन और नियमित दुग्ध आपूर्ति के जरिए अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। संगठन से जुड़ी महिलाएं प्रतिदिन 1 लाख 60 हजार लीटर से अधिक दूध का संग्रह करती हैं। वहीं, एमपीओ का अब तक का कुल टर्नओवर 400 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।

6,800 महिलाएं बनीं लखपति दीदी, 282 की आय 10 लाख से अधिक

महिलाओं की आर्थिक तरक्की का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एमपीओ से जुड़ी लगभग 6 हजार 800 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इनमें 282 महिलाएं ऐसी हैं, जो लगातार तीन वर्षों से 10 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं। वहीं, एमपीओ से जुड़ी अन्य महिलाएं भी औसतन प्रतिमाह 7 से 8 हजार रुपये की आमदनी घर बैठे प्राप्त कर रही हैं। इस तरह महिलाएं परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भागीदारी निभाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रही श्वेत क्रांति

एमपीओ के सीईओ धनराज साहनी का कहना है कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और उनकी प्रेरणा का परिणाम है। मुख्यमंत्री के दूरदर्शी दृष्टिकोण और ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं आत्मनिर्भरता और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। तीन साल के भीतर 400 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार और लगातार दूसरे वर्ष महिला सदस्यों के बीच मुनाफे का वितरण इस पहल की सफलता को दर्शाता है। कुल मिलाकर बाबा श्री गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन पूर्वी उत्तर प्रदेश में श्वेत क्रांति के साथ महिला सशक्तीकरण की नई कहानी लिख रहा है। दूध उत्पादन से नियमित आमदनी, कारोबार में हिस्सेदारी और मुनाफे में भागीदारी के जरिए ग्रामीण महिलाएं अब सिर्फ परिवार की आमदनी बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई पहचान भी बना रही हैं।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...