Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर ने स्वच्छता के मामले में एक बार फिर से देशभर में अपनी पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में 10 लाख से जयदा आबादी वाले शहरों की श्रेणी में जबलपुर ने देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, इस बड़ी उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में शहर को सम्मानित किया। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ और नगर निगम के अधिकारियों ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
दरसअल, स्वच्छ सर्वेक्षण में दूसरा स्थान हासिल करना जबलपुर के लिए बड़ी उपलब्धि है। शहर ने देश के कई बड़े महानगरों को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है। इस सफलता में नगर निगम के साथ-साथ शहरवासियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की अहम भूमिका रही है।
तत्कालीन नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने इस उपलब्धि को पूरे शहर की जीत बताया। जिसमें उन्होंने कहा कि जबलपुर के नागरिकों की जागरूकता और सहयोग से स्वच्छता अभियान जनआंदोलन बना। शहर में काम करने वाले 4 हजार से अधिक स्वच्छता मित्रों ने दिन-रात मेहनत कर इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बता दें इस उपलब्धि में नगर निगम की इंजीनियरिंग टीम, गार्डन विभाग, सड़क और डिवाइडर सुधारने वाली टीम सहित विभिन्न विभागों का योगदान रहा। महापौर, पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं, मीडिया ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में सहयोग किया।
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग के लिए आभार जताया। साथ ही मंत्री राकेश सिंह, सांसदों और विधायकों के योगदान की सराहना की।
महापौर ने बताया कि मध्य प्रदेश को स्वच्छ सर्वेक्षण में कुल 9 पुरस्कार मिले हैं। जबलपुर पहले ही वायु गुणवत्ता के मामले में देश में तीसरा स्थान हासिल कर चुका है। उन्होंने कहा कि अब शहर का लक्ष्य अगले साल स्वच्छता और बेहतर वायु गुणवत्ता, दोनों क्षेत्रों में देश में पहला स्थान हासिल करना है। दूसरे स्थान की इस उपलब्धि के बाद अब संस्कारधानी की नजर सीधे नंबर वन बनने पर है।
ये भी पढ़ें: भारत मंडपम में सजा ट्रेड फेयर, यहां जानें टिकट और प्रवेश से जुड़ी पूरी डिटेल