IITF 2026 Delhi Trade Fair: दिल्ली के भारत मंडपम में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF 2026) की शुरुआत हो गई है। बता दें हर साल की तरह इस बार भी मेले में देश-विदेश के व्यापार, संस्कृति, हस्तशिल्प और खानपान की शानदार झलक देखने को मिलेगी। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्रेड फेयर (Trade Fair) का उद्घाटन किया। वहीं, इस साल मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। अब अगर आप भी दिल्ली ट्रेड फेयर (Delhi Trade Fair) घूमने की योजना बना रहे हैं, तो जान लीजिए टिकट, एंट्री, समय और खास आकर्षणों से जुड़ी पूरी जानकारी।
45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (45th India International Trade Fair) का आयोजन भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) की ओर से किया जा रहा है। यह मेला नई दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित होगा। जिसमें करीब एक लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले 17 हॉल में 3,500 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पाद और सेवाएं पेश करेंगे। इस बार बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को पार्टनर स्टेट बनाया गया है। वहीं असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस स्टेट के रूप में शामिल हैं। इसके अलावा थाईलैंड, नेपाल, चीन, श्रीलंका, ईरान और यूएई समेत 11 देशों के प्रदर्शक भी मेले में हिस्सा ले रहे हैं।
ट्रेड फेयर में हॉल ऑफ इंस्पिरेशन यानी हॉल नंबर 14 में करीब 600 स्टार्टअप अपने नए इनोवेशन प्रदर्शित करेंगे। इनमें ड्रोन, एग्री-टेक, हेल्थ, स्पेस और एजुकेशन टेक्नोलॉजी शामिल हैं। इसके अलावा ओडीओपी पवेलियन में 21 राज्यों के स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को देखने का मौका मिलेगा। खाने-पीने के शौकीनों के लिए 90 से अधिक फूड आउटलेट लगाए गए हैं। वहीं सात स्थानों पर 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
जानकारी के लिए बता दें ट्रेड फेयर के शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक केवल बिजनेस विजिटर्स को प्रवेश मिलेगा। यहां आम लोगों के लिए 19 नवंबर से 27 नवंबर तक मेले के दरवाजे खुलेंगे। ऐसे में मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक रहेगा। हालांकि, शाम 5:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा।
IITF 2026 के टिकट आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन बुक किए जा सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो के 55 चुनिंदा स्टेशनों पर ऑफलाइन टिकट (Offline Tickets) खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध है। ऐसे में अगर आप परिवार के साथ ट्रेड फेयर घूमने जाना चाहते हैं, तो पहले से टिकट बुक (Ticket Booking) करके अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं।
ये भी पढ़ें: सीएम मोहन यादव ने लाड़ली बहनों को दी बड़ी सौगात