Chhath Puja Special Trains: लोक आस्था के महापर्व छठ पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, खानपान और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। इन व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने यात्रियों के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया, स्वास्थ्य काउंटर, वेंडिंग एरिया, टिकट काउंटर और मोबाइल चार्जिंग स्टेशन समेत अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों से सीधे बातचीत कर रेलवे की ओर से दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और पूछा कि उन्हें किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। पूर्वोत्तर रेलवे इस बार 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चला रहा है, जिनके 2000 से ज्यादा फेरे लगाए जा रहे हैं।
छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर बनाए गए विशेष इंतजामों का महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया, स्वास्थ्य काउंटर, वेंडिंग एरिया, टिकट काउंटर और मोबाइल चार्जिंग स्टेशन का जायजा लिया। इसके साथ ही स्टेशन पर उपलब्ध अन्य यात्री सुविधाओं की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जीएम ने यात्रियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने पूछा कि रेलवे की ओर से छठ के दौरान दी जा रही सुविधाओं और सेवाओं से वे कितने संतुष्ट हैं, उन्हें किसी तरह की दिक्कत तो नहीं हो रही है और क्या उन्हें जरूरत के मुताबिक सहायता मिल पा रही है। यात्रियों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर उन्होंने व्यवस्थाओं की स्थिति भी जानी।
जीएम उदय बोरवणकर ने बताया कि स्टेशन और ट्रेनों के भीतर यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रियों के पीने के पानी और खानपान की व्यवस्था की गई है। छोटे बच्चों की जरूरतों का भी ख्याल रखा जा रहा है। ट्रेनों के अंदर छठी मैया के गीत बजाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों के बीच खुशनुमा माहौल बना हुआ है। जीएम ने बताया कि उन्होंने यात्रियों से बातचीत भी की और यात्री काफी सहज नजर आए।
त्योहार के दौरान टिकट लेने के लिए यात्रियों को परेशान न होना पड़े, इसके लिए रेलवे ने हैंडहेल्ड टर्मिनल की व्यवस्था की है। पिछले साल भी इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराए गए थे और इस बार भी रेलवे कर्मचारी यात्रियों के बीच पहुंचकर टिकट मुहैया कराएंगे। वहीं भीड़ को नियंत्रित करना रेलवे के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। कई बार एक साथ दो से तीन ट्रेनों के आने-जाने से प्लेटफॉर्म पर अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में किसी तरह की अव्यवस्था न हो और यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए बड़ी संख्या में आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है।
स्टेशन पर यात्रियों को रेलवे कर्मचारियों की पहचान करने में परेशानी न हो, इसके लिए इस बार विशेष पहल की गई है। कमर्शियल विभाग के कर्मचारियों समेत स्टेशन पर सेवाएं देने वाले रेलकर्मियों को ऑरेंज कलर की सेफ्टी जैकेट दी गई है। इसका उद्देश्य यह है कि यात्री दूर से ही रेलवे कर्मचारियों को पहचान सकें और किसी भी तरह की जरूरत या परेशानी होने पर उनसे सीधे सहायता ले सकें।
भीड़ के बीच यात्रियों की सेहत और स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। स्टेशन परिसर में मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराई जा रही है, जबकि यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर प्रकाश व्यवस्था की गई है। स्टेशन पर फर्स्ट एड बूथ भी स्थापित किया गया है। रेलवे जीएम उदय बोरवणकर ने बताया कि उन्होंने डॉक्टरों से भी बातचीत की है। किसी यात्री को हार्ट अटैक आने या किसी तरह की चोट लगने की स्थिति में एंबुलेंस पहुंचने तक प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि आपात स्थिति में यात्री को तत्काल मदद मिल सके।
छठ पर्व पर घर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे बड़े पैमाने पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। रेलवे जीएम ने जानकारी देते हुए कहा कि 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनके 2000 से ज्यादा फेरे लगाए जाएंगे। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे इन विशेष ट्रेनों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इन ट्रेनों की जानकारी रेलवे अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से प्रसारित कर रहा है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि इस जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि दूर-दराज के यात्रियों तक भी विशेष ट्रेनों की जानकारी पहुंच सके। जीएम ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाने के लिए अतिरिक्त डिब्बों, लोको पायलट, गार्ड और अन्य रेल कर्मचारियों की व्यवस्था करनी पड़ती है। इसके साथ ही साफ-सफाई और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं पर भी रेलवे ने व्यापक प्रयास किए हैं। रेलवे चाहता है कि यात्रियों को इन तमाम व्यवस्थाओं का पूरा लाभ मिले।
छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ केवल गोरखपुर में ही नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर रेलवे के दूसरे प्रमुख स्टेशनों पर भी देखने को मिल रही है। इसे देखते हुए गोरखपुर की तर्ज पर छपरा और बलिया रेलवे स्टेशन पर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। जीएम ने बताया कि बिहार क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे हैं। उन्होंने यात्रियों से बातचीत का उदाहरण देते हुए बताया कि एक यात्री चेन्नई से इतनी लंबी दूरी तय करके केवल छठ पर्व मनाने के लिए आया है और दो दिन बाद वापस लौटने वाला है। इससे छठ पर्व पर घर पहुंचने के लिए लोगों की लंबी दूरी की यात्रा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही में भी बड़ा इजाफा हुआ है। सामान्य दिनों में जहां स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग एक लाख यात्रियों की फुटफॉलिंग रहती है, वहीं छठ पर्व के दौरान यह संख्या बढ़कर डेढ़ लाख तक पहुंच गई है। जीएम उदय बोरवणकर के मुताबिक, 17 और 18
तारीख को यात्रियों की संख्या डेढ़ लाख से बढ़कर लगभग पौने दो लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि फिलहाल भी स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही एक लाख से अधिक बनी हुई है। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने के बावजूद रेलवे की ओर से सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: सीएम मोहन यादव ने लाड़ली बहनों को दी बड़ी सौगात