1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. छठ पर रेलवे का एक्शन प्लान, सुविधा से सुरक्षा तक खास इंतजाम

छठ पर रेलवे का एक्शन प्लान, सुविधा से सुरक्षा तक खास इंतजाम

Chhath Puja Special Trains: छठ महापर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। गोरखपुर स्टेशन पर सुरक्षा, खानपान, स्वास्थ्य और टिकटिंग की विशेष व्यवस्था की गई है। यहां जानें पूरी डिटेल

By: Aparna Panwar 
Updated:
छठ पर रेलवे का एक्शन प्लान, सुविधा से सुरक्षा तक खास इंतजाम

Chhath Puja Special Trains: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे ने छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें संचालित की हैं। इन ट्रेनों के 2000 से अधिक फेरे लगाए जा रहे हैं। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, खानपान और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने स्टेशन पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ यात्रियों से बातचीत भी की। छठ महापर्व पर अपने घर पहुंचने और पर्व के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जीएम उदय बोरवणकर ने यात्रियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि स्टेशन पर यात्रियों के लिए पीने के पानी, खानपान और छोटे बच्चों की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है। ट्रेनों के अंदर छठी मैया के गीत बजाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों के बीच खुशनुमा माहौल बना हुआ है। उन्होंने यात्रियों से बातचीत भी की और बताया कि यात्री व्यवस्थाओं से संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

टिकटिंग से लेकर सुरक्षा तक, रेलवे का विशेष इंतजाम

टिकट लेने के लिए यात्रियों को परेशान न होना पड़े, इसके लिए रेलवे की ओर से हैंडहेल्ड टर्मिनल की व्यवस्था की गई है। पिछले साल की तरह इस बार भी रेलवे कर्मचारी यात्रियों के बीच जाकर टिकट उपलब्ध कराएंगे। वहीं, ट्रेनों के एक साथ आने-जाने और प्लेटफॉर्म पर अचानक बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है। यात्रियों को रेलवे कर्मचारियों की पहचान आसानी से हो सके, इसके लिए स्टेशन पर सेवाएं देने वाले रेलकर्मियों को ऑरेंज कलर की सेफ्टी जैकेट दी गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्री उनसे सीधे मदद ले सकें।

स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान

रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर भी इंतजाम किए गए हैं। मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराई जा रही है, जबकि स्टेशन पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है। यात्रियों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए फर्स्ट एड बूथ भी स्थापित किया गया है। जीएम के मुताबिक, डॉक्टरों से भी उन्होंने बातचीत की है। किसी यात्री को हार्ट अटैक आने या किसी तरह की चोट लगने की स्थिति में एंबुलेंस पहुंचने तक प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें, 2000 से ज्यादा फेरे

छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। इन ट्रेनों के 2000 से अधिक फेरे लगाए जा रहे हैं। जीएम ने यात्रियों से अपील की कि वे इन विशेष ट्रेनों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि स्पेशल ट्रेनों की जानकारी रेलवे अपने सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से प्रसारित कर रहा है। इसके प्रचार-प्रसार में मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका है, ताकि दूर-दराज के यात्रियों तक जानकारी पहुंच सके। उन्होंने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनें चलाने के लिए अतिरिक्त डिब्बों, लोको पायलट, गार्ड और अन्य रेल कर्मचारियों के साथ साफ-सफाई समेत तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं। रेलवे चाहता है कि यात्री इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं।

छपरा और बलिया में भी गोरखपुर जैसी व्यवस्था

गोरखपुर रेलवे स्टेशन के साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी इसी तरह के इंतजाम किए गए हैं। जीएम ने बताया कि छपरा और बलिया जैसे स्टेशनों पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। बिहार क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे हैं। उन्होंने एक यात्री का उदाहरण देते हुए बताया कि वह चेन्नई से इतनी लंबी दूरी तय करके सिर्फ छठ पर्व मनाने आया है और दो दिन बाद वापस लौटने वाला है।

डेढ़ से पौने दो लाख तक पहुंच सकती है फुटफॉलिंग

गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में भी बड़ा इजाफा हुआ है। सामान्य दिनों में स्टेशन पर लगभग एक लाख यात्रियों की फुटफॉलिंग रहती है, लेकिन छठ पर्व के दौरान यह संख्या बढ़कर डेढ़ लाख तक पहुंच गई है। जीएम उदय बोरवणकर के मुताबिक, 17 और 18 तारीख को यात्रियों की संख्या डेढ़ लाख से बढ़कर पौने दो लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि फिलहाल भी यात्रियों की आवाजाही एक लाख से अधिक बनी हुई है और पूरा काम व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है।

रिपोर्ट: अंकित श्रीवास्तव

ये भी पढ़ें: भारत मंडपम में सजा ट्रेड फेयर, यहां जानें टिकट और प्रवेश से जुड़ी पूरी डिटेल

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...