1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. छठ महापर्व पर रेलवे का बड़ा एक्शन प्लान, 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें और 2000 से ज्यादा फेरे

छठ महापर्व पर रेलवे का बड़ा एक्शन प्लान, 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें और 2000 से ज्यादा फेरे

Gorakhpur News: छठ महापर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चला रहा है, जिनके 2000 से ज्यादा फेरे होंगे। गोरखपुर स्टेशन पर टिकटिंग, RPF सुरक्षा, स्वास्थ्य, खानपान और स्वच्छता के विशेष इंतजाम किए गए हैं। 17 और 18 नवंबर को यात्रियों की संख्या पौने दो लाख तक पहुंचने की संभावना है।

By: Nivedita 
Updated:
छठ महापर्व पर रेलवे का बड़ा एक्शन प्लान, 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें और 2000 से ज्यादा फेरे

गोरखपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पर घर जाने और पर्व के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं, जिनके 2000 से ज्यादा फेरे लगाए जा रहे हैं। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर टिकटिंग, सुरक्षा, खानपान, स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी भी ली।

यात्रियों के लिए पानी, खानपान और बच्चों की सुविधाएं

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बताया कि छठ पर्व को देखते हुए स्टेशन पर यात्रियों के लिए पीने के पानी और खानपान की समुचित व्यवस्था की गई है। छोटे बच्चों की जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। यात्रियों के सफर को खुशनुमा बनाने के लिए ट्रेनों में छठी मैया के गीत भी बजाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रियों से बातचीत के दौरान सुविधाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

टिकटिंग से सुरक्षा तक रेलवे की विशेष तैयारी

स्टेशन पर टिकट लेने के लिए यात्रियों को लंबी कतारों में परेशानी न हो, इसके लिए हैंडहेल्ड टर्मिनल की व्यवस्था की गई है। रेलवे कर्मचारी यात्रियों के बीच पहुंचकर टिकट उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं, प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान तैनात किए गए हैं। यात्रियों को रेल कर्मचारियों की पहचान आसानी से हो सके, इसके लिए उन्हें नारंगी रंग की सेफ्टी जैकेट दी गई है।

स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान

छठ के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर स्वास्थ्य सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है। मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग कराई जा रही है और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यात्रियों की आपातकालीन स्वास्थ्य जरूरतों के लिए फर्स्ट एड बूथ स्थापित किया गया है। महाप्रबंधक के अनुसार, किसी यात्री को हार्ट अटैक आने या चोट लगने की स्थिति में एंबुलेंस पहुंचने तक प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

 

270 से अधिक स्पेशल ट्रेनें, 2000 से ज्यादा फेरे

पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से छठ पर्व के लिए 270 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों के 2000 से अधिक फेरे निर्धारित किए गए हैं। महाप्रबंधक ने यात्रियों से अपील की कि वे विशेष ट्रेनों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। स्पेशल ट्रेनों की जानकारी रेलवे के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी साझा की जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त कोच, लोको पायलट, गार्ड और अन्य रेल कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है।

छपरा और बलिया स्टेशन पर भी विशेष इंतजाम

गोरखपुर के अलावा छपरा और बलिया जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। बिहार क्षेत्र में भी छठ मनाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। महाप्रबंधक ने बताया कि दूर-दराज के शहरों से भी लोग छठ पर्व मनाने अपने घर पहुंच रहे हैं। कई यात्री लंबी दूरी तय करके केवल इस महापर्व में शामिल होने आते हैं।

छठ पर गोरखपुर स्टेशन पर बढ़ी यात्रियों की संख्या

छठ महापर्व के कारण गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही में काफी वृद्धि हुई है। सामान्य दिनों में जहां स्टेशन पर लगभग एक लाख यात्रियों की फुटफॉलिंग रहती है, वहीं पर्व के दौरान यह संख्या बढ़कर डेढ़ लाख तक पहुंच गई है।महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के मुताबिक, 17 और 18 नवंबर को यात्रियों की संख्या बढ़कर लगभग पौने दो लाख तक पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए रेलवे प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है। रेलवे का प्रयास है कि छठ महापर्व पर घर पहुंचने और वापस लौटने वाले यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...