गोरखपुर में चोरी की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शाहपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पूर्वोत्तर रेलवे कॉलोनी में अलग-अलग तारीखों पर हुई चोरी की छह घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया गया है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 415 ग्राम पीली धातु के आभूषण, 1 किलो 648 ग्राम सफेद धातु के आभूषण और 90 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये है। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची।
चोरी के छह मुकदमों में कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद
पूरा मामला गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पूर्वोत्तर रेलवे कॉलोनी में अलग-अलग तारीखों पर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। पीड़ितों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चोरी के छह मुकदमे दर्ज किए थे। इन घटनाओं के खुलासे के लिए शाहपुर थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट सेल नगर और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम को लगाया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रत्नेश अग्रहरी और रविन्द्र प्रसाद अग्रहरी के रूप में हुई है। दोनों मोहनापुर के पासी टोला, पादरी बाजार क्षेत्र के निवासी हैं।
सोने-चांदी के आभूषणों की लंबी सूची, नकदी भी बरामद
एसपी क्राइम अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के 9 अंगूठियां, 2 हार, 12 झुमके, 5 मंगलसूत्र, 4 चेन, एक मांग टीका, 4 लॉकेट, 3 नथिया, एक कड़ा, एक ज्योतिया, एक माला और एक कान की बाली बरामद की गई है। इसके अलावा सफेद धातु की 20 पायल, एक कमरधनी, 2 चेन, एक ब्रेसलेट, 14 बिछिया, 14 सिक्के और 2 अंगूठियां भी मिली हैं। पुलिस ने 90 हजार 500 रुपये नकद बरामद करने की जानकारी दी है। बरामद आभूषणों का कुल वजन पीली धातु में 415 ग्राम और सफेद धातु में 1 किलो 648 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये आंकी है।
छह मुकदमों में धाराएं बढ़ीं, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
एसपी क्राइम अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 317(5) की बढ़ोतरी की गई है। एक मुकदमे में धारा 331(3) का भी उल्लेख है। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में की गई। संयुक्त टीम में शाहपुर थाने के पुलिसकर्मियों के साथ एंटी थेफ्ट सेल नगर और सर्विलांस सेल के सदस्य शामिल रहे। फिलहाल पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस बरामदगी को रेलवे कॉलोनी में हुई चोरी की छह घटनाओं के खुलासे से जोड़कर देख रही है। बरामद आभूषणों की पहचान और उन्हें संबंधित पीड़ितों से जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी पुलिस की ओर से सामने आने का इंतजार है।
रिपोर्ट : अंकित श्रीवास्तव