1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Gorakhpur News: CM योगी की 795 करोड़ की सौगात, वानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास

Gorakhpur News: CM योगी की 795 करोड़ की सौगात, वानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास

सीएम योगी ने कैंपियरगंज में 125 एकड़ में बनने वाले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। गोरखपुर को 795 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी और सपा-कांग्रेस पर निशाना साधा।

By: Nivedita 
Updated:
Gorakhpur News: CM योगी की 795 करोड़ की सौगात, वानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के कैंपियरगंज में उत्तर प्रदेश वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास और भूमि पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र को करीब 795 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। लगभग 125 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाला यह विश्वविद्यालय पूर्वांचल में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय को किसानों और युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यहां से फॉरेस्ट्री, हॉर्टिकल्चर और एग्रीकल्चर से जुड़ी पढ़ाई और शोध को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी जमकर राजनीतिक हमले किए। कानून-व्यवस्था, माफियाराज, महिलाओं की सुरक्षा, अयोध्या और रामभक्तों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चुनौती दी।

कैंपियरगंज को 795 करोड़ की सौगात, 125 एकड़ में बनेगा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्य मंत्री केपी मलिक, सांसद रवि किशन शुक्ला, विधायक फतेह बहादुर सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और जनता का अभिवादन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब दो वर्ष पहले घोषित उत्तर प्रदेश वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास और भूमि पूजन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यह संस्थान केवल पूर्वी उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

उन्होंने बताया कि 125 एकड़ भूमि पर विश्वविद्यालय के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। करीब दो वर्ष पहले इस क्षेत्र में कई विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया गया था और अब एक बार फिर कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र को लगभग 795 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात मिल रही है। मुख्यमंत्री ने इसे डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों का परिणाम बताया।

 

सबका साथ, सबका विकास सरकार का मंत्र, तुष्टीकरण किसी का नहीं, संतुष्टीकरण सबका

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास है। सरकार जाति, परिवार, क्षेत्र और भाषा के आधार पर भेदभाव किए बिना सभी जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीति तुष्टीकरण की नहीं, बल्कि सभी वर्गों के संतुष्टीकरण की है। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि हाल में अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से धान, केला समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को राहत देने की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री के अनुसार, वह स्वयं गोरखपुर में आपदा प्रभावित किसानों को करीब 500 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित कर चुके हैं। सरकार किसानों को निर्धारित समय में सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

पर्यावरण का अत्यधिक दोहन प्राकृतिक आपदाओं का कारण, प्रकृति संरक्षण के लिए विश्वविद्यालय की स्थापना

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक दोहन पर्यावरण के संतुलन को प्रभावित करता है, जिसका असर प्राकृतिक आपदाओं के रूप में भी देखने को मिलता है।

उन्होंने भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में धरती को माता का दर्जा दिया गया है। वैदिक मंत्र ‘माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः’ भी प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना का निर्णय इसी सोच के साथ लिया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ किसानों की आमदनी और युवाओं के रोजगार को भी बढ़ावा मिल सके। उन्होंने 12 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में लगभग 280 करोड़ पौधों के रोपण का कार्यक्रम पूरा किया गया है।

2017 से पहले वन माफिया, खनन माफिया और कटान माफिया का बोलबाला था: योगी

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में वन माफिया, खनन माफिया और कटान माफिया सक्रिय थे तथा आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक नाबालिग की मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि झांसी से आया 12 से 13 वर्ष का एक बच्चा अपने परिवार के साथ यहां पढ़ाई कर रहा था और रोड शो के दौरान हुई घटना में उसकी मौत हो गई। योगी ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। उन्होंने प्रशासन को घटना में शामिल अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश में किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और माफियागिरी करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम, तीसरी कोई जगह नहीं: मुख्यमंत्री

महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार इस मामले में किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि आज बेटियां स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय जाने में खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों और गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अपराधियों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा कोई जगह नहीं होगी।उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि जनता चुनाव में अपने मताधिकार के जरिए जवाब देगी।

अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को आज याद आ रहे भगवान राम: योगी

मुख्यमंत्री ने अयोध्या और राम मंदिर के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी को घेरते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी रामभक्तों पर गोली चलवाई थी, आज वही भगवान राम का नाम ले रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने अयोध्या की आस्था और रामभक्तों का सम्मान नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम हमेशा अपने भक्तों का संरक्षण करते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब उनसे अयोध्या से चुनाव लड़ने की बात कही गई थी, तब उन्होंने आमने-सामने मुकाबले की बात कही थी।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर माफियाओं को संरक्षण देने, युवाओं के रोजगार में बाधा डालने और किसानों तथा व्यापारियों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने विपक्षी दलों को एक ही थैले के चट्टे-बट्टे बताते हुए राजनीतिक निशाना साधा।

सपा सरकार में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की चिंता नहीं थी, गरीबों का राशन और पेंशन तक हड़प जाते थे: योगी

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पहले शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के राशन, वृद्धावस्था पेंशन, महिलाओं की पेंशन, दिव्यांग पेंशन और छात्रों की छात्रवृत्ति में भी बिचौलियों का दखल रहता था।

गोरखपुर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले इस क्षेत्र की पहचान माफिया और इंसेफेलाइटिस जैसी समस्याओं से होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने इस बीमारी से प्रभावित बच्चों के इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

65 लाख परिवारों को आवास, 16 करोड़ गरीबों को राशन और 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत का लाभ

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के 65 लाख परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 16 करोड़ गरीबों को राशन और 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भी जिक्र किया और बताया कि बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

गोरखपुर से सोनौली तक फोरलेन, डिग्री कॉलेज और स्टेडियम, विकास की नई तस्वीर पेश कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने गोरखपुर से सोनौली तक फोरलेन सड़क को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि कैंपियरगंज में डिग्री कॉलेज, चंदौसीरिया में महाविद्यालय, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह और डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर इंटर कॉलेज तथा स्टेडियम जैसी परियोजनाएं भी क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेंगी।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ से बचाव के उपायों को भी जरूरी बताया। उन्होंने 6 सितंबर 2024 को जटायु संरक्षण केंद्र के उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण को लेकर भी सरकार लगातार काम कर रही है।

रवि किशन और संजय निषाद की फिल्म में कौन होगा हीरो और कौन विलेन? मुख्यमंत्री ने मंच से ली चुटकी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हल्का-फुल्का अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने गोरखपुर के सांसद रवि किशन और मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद को लेकर मंच से मजाकिया टिप्पणी की।

मुख्यमंत्री ने रवि किशन से पूछा कि कितने लोगों ने उनकी फिल्म मुफ्त में देखी और कितने लोगों ने टिकट खरीदकर फिल्म देखी है। इसके बाद उन्होंने जनता से पूछा कि क्या लोग रवि किशन को पहचानते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यदि रवि किशन और संजय निषाद एक साथ फिल्म में काम करें तो दोनों की भूमिका कैसी होगी। मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि एक हीरो होगा और दूसरा विलेन। उन्होंने रवि किशन से यह भी कहा कि वह अपनी पूरी फिल्म यूनिट के साथ कैंपियरगंज आएं और यहां फिल्म की शूटिंग करें। साथ ही विधायक फतेह बहादुर सिंह को भी छोटा-मोटा किरदार देने की बात कही।

लेहरा माई मंदिर का हुआ भव्य विकास, प्रदेश में 4500 से अधिक धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण

मुख्यमंत्री ने लेहरा माई मंदिर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज यह धार्मिक स्थल पहले की तुलना में अधिक भव्य और सुविधायुक्त हो गया है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रस्ताव मिलने के बाद सरकार ने मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में काम किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, आज यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार 4500 से अधिक धार्मिक स्थलों और मंदिरों के पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण का काम कर रही है। इसके अलावा विभिन्न महापुरुषों से जुड़े पार्कों और प्रतिमाओं के संरक्षण के लिए भी धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

 

 

श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषादराज की 56 फीट ऊंची प्रतिमा, सुहेलदेव का भव्य स्मारक बनवाया: योगी

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम और निषादराज की मित्रता का उल्लेख करते हुए श्रृंगवेरपुर में स्थापित 56 फीट ऊंची प्रतिमा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम और निषादराज का संबंध भारतीय संस्कृति में सामाजिक समरसता और मित्रता का प्रतीक है। उन्होंने मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद के पुराने संघर्षों को याद करते हुए कहा कि वह लंबे समय से निषादराज के सम्मान में स्मारक बनाने की मांग उठाते रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर में भगवान श्रीराम और निषादराज की गले मिलती हुई विशाल प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके साथ ही बहराइच में महाराजा सुहेलदेव का भव्य स्मारक भी बनवाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार महापुरुषों और समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े महान व्यक्तित्वों के सम्मान में काम कर रही है। इस दौरान उन्होंने डॉ. संजय निषाद को राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि एक ही नाव में सवारी करनी चाहिए, दो नावों में सवारी नहीं करनी चाहिए।

विश्वविद्यालय से बीएससी, एमएससी और पीएचडी की पढ़ाई, वन विभाग में रोजगार के खुलेंगे रास्ते

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि संस्थान में बीएससी, एमएससी और पीएचडी स्तर तक की पढ़ाई शुरू कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि यहां फॉरेस्ट्री और पर्यावरण विज्ञान के क्षेत्र में उच्च शिक्षा और शोध को बढ़ावा मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड, फॉरेस्टर, वन रेंजर, एससीएफ और डीएफओ जैसे पदों तक पहुंचने के लिए शैक्षणिक अवसर मिल सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की जरूरत बताई। उन्होंने आधुनिक प्रयोगशालाओं, शोध सुविधाओं और पीसो कल्चर जैसी तकनीकों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

किसान खेतों की मेड़ों पर सागवान, शीशम और पॉपुलर लगाकर कमा सकेंगे अतिरिक्त आमदनी

मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए एग्रो फॉरेस्ट्री को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसान अपनी पारंपरिक खेती के साथ खेतों की मेड़ों पर सागवान, शीशम, पॉपुलर, यूकेलिप्टस और बबूल जैसे पेड़ लगा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ऐसी व्यवस्था बनाने पर विचार कर रही है, जिससे किसानों को पेड़ लगाने और बाद में उन्हें बेचने के लिए अनावश्यक सरकारी प्रक्रियाओं से न गुजरना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेड़ों का निर्धारित तरीके से सत्यापन होने के बाद किसानों को उन्हें बेचने की प्रक्रिया आसान बनाई जाएगी। इससे खेती के साथ अतिरिक्त आमदनी के रास्ते खुल सकते हैं। उन्होंने किसानों को सब्जियों और औद्यानिक फसलों की खेती बढ़ाने की सलाह भी दी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, गोरखपुर और लखनऊ जैसे बड़े बाजारों की उपलब्धता किसानों के लिए लाभकारी हो सकती है।

टिश्यू कल्चर से केले, आलू, आम और आंवले की उन्नत किस्में तैयार करेगा विश्वविद्यालय

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय में आधुनिक कृषि तकनीकों और टिश्यू कल्चर को बढ़ावा देने की योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से केले की उन्नत किस्मों के पौधे तैयार किए जा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के कई क्षेत्रों में केले की खेती बड़े पैमाने पर होती है। पहले किसानों को उन्नत पौधे और बीज लेने के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता था। विश्वविद्यालय के माध्यम से इस समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।उन्होंने बताया कि केले के साथ आलू, अदरक, हल्दी, आम और आंवले जैसी फसलों की बेहतर किस्मों पर भी काम किया जाएगा। कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षण, उन्नत बीज और नई तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य किसानों की उत्पादकता और आमदनी बढ़ाना है।

आपदा प्रभावित किसानों को मुआवजे के साथ मिलेगा अलग राहत पैकेज, मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को अतिरिक्त राहत देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसलों को हाल की आपदाओं से नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजे के अतिरिक्त अलग राहत पैकेज भी उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की मुश्किलों को समझती है और नुकसान की भरपाई के लिए हरसंभव मदद करने का प्रयास करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपदा से प्रभावित अन्नदाता किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। इस घोषणा से प्रभावित किसानों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।

अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू होंगी विश्वविद्यालय की कक्षाएं, भवन निर्माण भी तय समय में पूरा होगा

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के निर्माण और पढ़ाई शुरू होने की समयसीमा को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से यहां कक्षाएं शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। शुरुआती दौर में किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कक्षाओं का संचालन कराया जाएगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के स्थायी भवन का निर्माण भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने पर जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि फॉरेस्ट्री, हॉर्टिकल्चर और एग्रीकल्चर से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इससे पूर्वांचल के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा और शोध की सुविधाएं मिल सकेंगी।

विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करेगी डबल इंजन सरकार: योगी

अपने संबोधन के समापन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब 795 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं और वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास कैंपियरगंज क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने गोरखपुर, कैंपियरगंज, फरेंदा, पिपराइच, सहजनवा, महाराजगंज और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को पूरा करने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने विश्वविद्यालय को पूर्वांचल के किसानों, युवाओं और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह संस्थान शिक्षा, शोध, रोजगार और कृषि विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने देवउठनी एकादशी की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

कुल मिलाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कैंपियरगंज दौरा विकास परियोजनाओं, विश्वविद्यालय की स्थापना, किसानों के लिए राहत पैकेज और युवाओं के रोजगार से जुड़ी घोषणाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। वहीं, राजनीतिक संबोधन में उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।

 

रिपोर्ट – अंकित श्रीवास्तव 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...