Mumbai Ahmedabad Bullet Train: भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना (India’s First Bullet Train Project) अब एक बड़े तकनीकी पड़ाव पर पहुंचने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर 20 नवंबर 2026 से पहली बार बिजली आपूर्ति शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत गुजरात के सूरत से बिलिमोरा के बीच बने एलिवेटेड रेल सेक्शन के ओवरहेड बिजली तारों को 25 हजार वोल्ट की बिजली से जोड़ा जाएगा। इससे देश में बुलेट ट्रेन के संचालन की तैयारियों को नई गति मिलेगी।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के सूरत-बिलिमोरा सेक्शन (Surat-Bilimora Section) में 20 नवंबर से ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) सिस्टम को ऊर्जीकृत करने की तैयारी है। यह भारतीय रेलवे (Indian Railways) के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। पहली बार देश के किसी हाईस्पीड रेल कॉरिडोर पर बुलेट ट्रेन के लिए तैयार ओवरहेड बिजली नेटवर्क को बिजली मिलेगी।
वहीं, इस प्रक्रिया के बाद इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच और तकनीकी परीक्षण का रास्ता साफ होगा। परियोजना को 2027 (Project in 2027) में पहले चरण के उद्घाटन के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर 2×25 किलोवोल्ट एसी ट्रैक्शन सिस्टम (AC Traction System) लगाया गया है। इसी तकनीक से ट्रेन को ऊपर लगे बिजली के तारों के माध्यम से ऊर्जा मिलेगी। इस पूरे कॉरिडोर को अधिकतम 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के हिसाब से डिजाइन किया गया है।
508 किलोमीटर लंबे रूट पर बिजली आपूर्ति के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनमें नौ गुजरात और पांच महाराष्ट्र में स्थित हैं। इसके अलावा 31 स्विचिंग पोस्ट, 16 डिस्ट्रीब्यूशन सबस्टेशन और करीब 22 हजार स्टील के खंभों की व्यवस्था की गई है।
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सुरक्षा संबंधी चेतावनी जारी की है। निगम के मुताबिक, 20 नवंबर से सूरत-बिलिमोरा सेक्शन के ओवरहेड तारों को हमेशा हाई वोल्टेज बिजली से युक्त माना जाए। बिना अनुमति ट्रैक पर जाना या बिजली के तारों के नजदीक पहुंचना खतरनाक हो सकता है।
जानकारी के लिए बता दें इस महत्वाकांक्षी परियोजना में कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आणंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं। वहीं मुंबई के बीकेसी स्टेशन और समुद्र के नीचे बनने वाली करीब 21 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण भी जारी है।
ये भी पढ़ें: ट्रंप और जिनपिंग से मुलाकात पुतिन के लिए क्यों है बड़ी जीत?