Rahul Gandhi News: अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर गए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। दरसअल, न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। साथ ही, उन्होंने देश में बेरोजगारी की समस्या और शिक्षा व्यवस्था की खामियों पर चिंता जताई। ऐसे में राहुल गांधी के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत में बेरोजगारी एक गंभीर समस्या बन चुकी है। जिसमें उन्होंने दावा किया कि देश की शिक्षा व्यवस्था भी कई खामियों से जूझ रही है। राहुल गांधी के मुताबिक, इन समस्याओं के कारण युवाओं के सामने रोजगार और भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ रही है।
कार्यक्रम में मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन ने उनसे भारतीय युवाओं की स्थिति को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि मध्यम वर्गीय परिवारों के पढ़े-लिखे युवाओं को अपना भविष्य स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है। साथ ही, उन्होंने कहा कि युवाओं में निराशा बढ़ रही है और इस समस्या को गंभीरता से समझने की जरूरत है।
राहुल गांधी ने नई पीढ़ी और उनके माता-पिता के बीच करियर को लेकर बढ़ते वैचारिक अंतर का भी जिक्र किया। जिसमें उन्होंने कहा कि आज के युवा अपने माता-पिता की पुरानी सलाह और करियर के तरीकों पर सवाल उठा रहे हैं। उनका मानना है कि पहले के समय में अपनाए गए तरीके अब काम नहीं कर रहे हैं। इसलिए युवा अपने भविष्य और करियर से जुड़े फैसले खुद लेना चाहते हैं।
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए उन पर विदेशी धरती से भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी भारत-विरोधी दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया भारत को तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में देख रही है, तब राहुल गांधी देश को आर्थिक आपदा के मुहाने पर खड़ा बता रहे हैं। बीजेपी ने उनके बयान को भारतीय अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र के खिलाफ बताया। बता दें कि राहुल गांधी अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम के बाद उनका यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो जाने का भी कार्यक्रम है।
ये भी पढ़ें: Rare Earth पर अमेरिका का मास्टरप्लान, चीन को टक्कर देने की तैयारी