PM Modi ASEAN Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दुनिया में बढ़ती अनिश्चितताओं और कई चुनौतियों के बीच शांति, स्थिरता और आपसी सहयोग का संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया को सबसे ज्यादा जरूरत शांति की है। क्षेत्र का भविष्य आपसी प्रतिस्पर्धा से नहीं, बल्कि सहयोग और साझेदारी से तय होना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का विकास और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। जिसमें दुनिया की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने सम्मेलन की मेजबानी और नेतृत्व के लिए राष्ट्रपति मार्कोस का आभार भी जताया।
पीएम मोदी का कहना है कि भारत और आसियान के संबंध अब केवल संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं हैं। दोनों पक्ष डिजिटल तकनीक, रक्षा, अंतरिक्ष और व्यापार जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी मिलकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य इस साझेदारी को और व्यापक बनाना है, ताकि दोनों क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, साल 2014 से अब तक भारत और आसियान के बीच लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करने के लिए 100 से अधिक पहल की गई हैं। इसके अलावा करीब 250 त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाएं शुरू हुई हैं और 10 हजार से ज्यादा कौशल विकास छात्रवृत्तियां दी गई हैं।
प्रधानमंत्री ने भारत और आसियान देशों के बीच व्यापारिक संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया। जिसमें उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच सीधी माल ढुलाई की सुविधा विकसित हो रही है। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देना भी प्राथमिकता में शामिल है। बेहतर संपर्क व्यवस्था से कारोबार, निवेश और लोगों के बीच संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका का पूरा समर्थन करता है। भारत एक सुरक्षित, समावेशी और स्थिर हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-आसियान की व्यापक रणनीतिक साझेदारी आने वाले समय में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
प्रधानमंत्री ने इस साल की थीम ‘नेविगेटिंग अवर फ्यूचर टुगेदर’ (Navigating Our Future Together) का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के पास मिलकर भविष्य को बेहतर बनाने की ताकत और संकल्प है।
ये भी पढ़ें: सर्दियों में घर पर बनाएं आंवले का च्यवनप्राश, यहां जानें आसान रेसिपी