Shivraj Singh Chouhan Punjab Visit: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मंगलवार को पंजाब के मोहाली स्थित गांव बदरपुर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ में हिस्सा लिया। वहीं, इस दौरान उन्होंने पंजाब के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY) के तहत वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 254.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति का पत्र सौंपा। इसके अलावा पंजाब की 98.44 करोड़ रुपये की लागत वाली 7 नई कृषि परियोजनाओं को भी केंद्र सरकार ने मंजूरी दी है।
जानकारी के लिए बता दें पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य में अलग-अलग सरकारें होने के बावजूद किसानों की सेवा करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। जिसमें उन्होंने कहा कि पंजाब के जवानों ने देश की रक्षा की है और यहां के किसानों ने अपनी मेहनत से देश के अन्न भंडार भरे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने खाद की कालाबाजारी और जबरन टैगिंग करने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के साथ दूसरे उत्पाद खरीदने के लिए मजबूर करना गलत है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा। नकली खाद, बीज और घटिया कीटनाशकों पर रोक लगाने के लिए सरकार नया सख्त पेस्टिसाइड कानून लाने की तैयारी कर रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि सरकार देश में 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में ग्रीन अमोनिया का प्रयोग शुरू कर रही है। इसका मुख्या उद्देश्य यूरिया के बेहतर विकल्प तलाशना है। उन्होंने किसानों से मिट्टी की जांच कराने और जरूरत के अनुसार ही रासायनिक खादों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
केंद्रीय मंत्री ने किसानों को फसल विविधीकरण और इंटीग्रेटेड फार्मिंग अपनाने की सलाह दी। जिसमें उन्होंने कहा कि खेती के साथ पशुपालन, मछली पालन, मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन से किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है। साथ ही, उन्होंने छोटे किसान समूहों को कृषि यंत्रों पर 80 प्रतिशत सब्सिडी, मोरिंडा शुगर मिल के आधुनिकीकरण और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया। साथ ही शहद उत्पादकों की समस्याओं के समाधान के लिए हनी बोर्ड की विशेष बैठक बुलाने और जैविक उत्पादों के प्रमाणन की प्रक्रिया आसान बनाने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: ओरछा रामराजा मंदिर के खजाने पर बड़ा विवाद, दिग्विजय ने उठाए कई सवाल