Punjab Assembly Election 2027: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव (Upcoming Punjab Assembly Elections) से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच फिर से गठबंधन की संभावनाएं तेज हो गई हैं। जिसमें दोनों दल एक बार फिर साथ आकर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी गठबंधन में 47 से 48 सीटों की मांग कर रही है। माना जा रहा है कि गुरु नानक जयंती के आसपास दोनों पार्टियां गठबंधन का आधिकारिक ऐलान कर सकती हैं। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अभी बातचीत जारी है।
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। बीजेपी इस बार अकाली दल के साथ गठबंधन में पहले के मुकाबले ज्यादा हिस्सेदारी चाहती है। जानकारी के मुताबिक, पार्टी 47 से 48 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर रही है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने 94 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, जबकि बीजेपी केवल 23 सीटों पर चुनाव लड़ी थी।
अब अगर अकाली दल बीजेपी की इस मांग पर सहमत होता है तो राज्य में बीजेपी की चुनावी भूमिका काफी बढ़ जाएगी। हालांकि, गठबंधन को लेकर बीजेपी के अंदर भी सभी नेता एकमत नहीं हैं। वरिष्ठ नेता हरजीत ग्रेवाल ने सार्वजनिक रूप से इस संभावित गठबंधन का विरोध किया है। उनका कहना है कि बीजेपी को पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी करनी चाहिए।
बीजेपी और अकाली दल का रिश्ता काफी पुराना रहा है। जिसमें दोनों पार्टियों ने करीब 24 साल तक साथ मिलकर राजनीति की थी, लेकिन केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए विवाद के बाद 26 सितंबर 2020 को अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था।
इसके बाद से दोनों दल अलग-अलग चुनावी रणनीति के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन बहाल करने के लिए बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से कई बार संपर्क किया है। अकाली दल के लिए यह गठबंधन इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी लंबे समय से सत्ता से बाहर है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल 17 नवंबर को पंजाब के दौरे पर रहेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान राजनीतिक मुलाकातों और गठबंधन को लेकर चर्चा हो सकती है। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी 2027 में पंजाब में एनडीए की सरकार बनने का भरोसा जता चुके हैं।
ऐसे में अब सबकी नजर बीजेपी और अकाली दल के बीच सीटों के बंटवारे पर टिकी है। अगर दोनों पार्टियों के बीच सहमति बनती है तो पंजाब की राजनीति में एक नया चुनावी समीकरण देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें: छठ महापर्व पर सांसद रवि किशन का दिखा श्रद्धाभा