1. हिन्दी समाचार
  2. पंजाब
  3. पंजाब पेपर लीक विवाद पर सियासी घमासान, विपक्ष हमलावर तो सरकार ने आरोपों को किया खारिज

पंजाब पेपर लीक विवाद पर सियासी घमासान, विपक्ष हमलावर तो सरकार ने आरोपों को किया खारिज

पंजाब में कथित पेपर लीक के मामलों को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी ने सरकार को घेरते हुए मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की है, जबकि भगवंत मान सरकार ने पेपर लीक के आरोपों से इनकार करते हुए इसे नकल गिरोह का मामला बताया है। इस बीच सीजेपी की चुप्पी भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है।

By: Nivedita 
Updated:
पंजाब पेपर लीक विवाद पर सियासी घमासान, विपक्ष हमलावर तो सरकार ने आरोपों को किया खारिज

पंजाब में कथित पेपर लीक के मामलों को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़कों से लेकर संसद तक विरोध प्रदर्शन तेज कर दिए हैं। विपक्ष का आरोप है कि विभिन्न भर्ती और बोर्ड परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बता रही है। इस बीच राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा पारदर्शिता को लेकर उठे विवादों के बाद पंजाब का मामला भी राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।

कई परीक्षाओं को लेकर विपक्ष ने उठाए सवाल

विपक्षी दलों का दावा है कि राज्य में फार्मेसी भर्ती परीक्षा, 12वीं की अंग्रेजी परीक्षा, ग्रुप-बी भर्ती, नायब तहसीलदार भर्ती, कृषि अधिकारी भर्ती और बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से जुड़ी भर्ती परीक्षा सहित कई मामलों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने संसद परिसर में प्रदर्शन करते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के इस्तीफे की मांग की। विपक्ष का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को जवाबदेह होना चाहिए।

 

सरकार का दावा- पेपर लीक नहीं, नकल गिरोह का मामला

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विपक्ष के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनकी सरकार के कार्यकाल में किसी भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ। सरकार के अनुसार जिस घटना को पेपर लीक बताया जा रहा है, वह वास्तव में हाई-टेक नकल गिरोह से जुड़ा मामला था, जिसमें पेन कैमरा और ब्लूटूथ जैसे उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित की। सरकार का कहना है कि पूरे मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

सीजेपी की चुप्पी पर उठ रहे सवाल, आगे की रणनीति का इंतजार

पंजाब पेपर लीक विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से अब तक कोई बड़ा आंदोलन शुरू नहीं किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। विपक्षी दलों और कुछ राजनीतिक नेताओं का आरोप है कि दिल्ली में परीक्षा संबंधी मुद्दों पर सक्रिय रहने वाला संगठन पंजाब के मामले में शांत क्यों है। हालांकि, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने संकेत दिया है कि संगठन जल्द ही अपनी रणनीति सार्वजनिक करेगा। उन्होंने कहा कि टीम पूरे मामले का अध्ययन कर रही है और उचित तैयारी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल संगठन ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति अपनाए हुए है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...