Jay Shah Reappointed: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) में एक बार फिर से जय शाह के नेतृत्व पर भरोसा जताया गया है। जिसमें उन्हें लगातार दूसरी बार ICC का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। क्रिकेट बोर्ड्स और ICC के सदस्यों के समर्थन के चलते उनका चयन निर्विरोध हुआ। इसके साथ ही जय शाह को एक बार फिर विश्व क्रिकेट की कमान संभालने की जिम्मेदारी मिली है।
जानकारी के लिए बता दें जय शाह ने दिसंबर 2024 में पहली बार ICC चेयरमैन का पद संभाला था। जिसमें अब उनका कार्यकाल आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए भी दोबारा चुना गया है। इस दौरान वह दिसंबर 2028 तक ICC की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जय शाह के दोबारा चयन को विश्व क्रिकेट में उनके नेतृत्व पर भरोसे के तौर पर देखा जा रहा है। बाली में आयोजित ICC बोर्ड की बैठक में डायरेक्टर्स ने उनके नाम पर सहमति जताई। किसी अन्य उम्मीदवार के सामने नहीं आने और सभी सदस्यों के समर्थन के चलते उनका चयन निर्विरोध हुआ।
बता दें जय शाह का दूसरा कार्यकाल क्रिकेट के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2028 में लॉस एंजिल्स (LA28) ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी होने जा रही है। ऐसे में क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना उनके सामने बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल होगा। साथ ही, ओलंपिक में क्रिकेट की एंट्री से इस खेल को नए दर्शकों और देशों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। ICC का लक्ष्य क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने के साथ-साथ इसके भविष्य को मजबूत करना भी है।
वहीं, दूसरी बार ICC चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने बोर्ड के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन पर लगातार भरोसा दिखाया जाना उनके लिए सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी की बात है। उन्होंने सभी डायरेक्टर्स का समर्थन के लिए धन्यवाद किया।
शाह ने कहा कि वह ICC के सदस्यों के साथ मिलकर क्रिकेट को दुनिया के अधिक से अधिक देशों तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने LA28 ओलंपिक को क्रिकेट के इतिहास का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि इससे खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने में मदद मिलेगी।
जय शाह को इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष रिचर्ड थॉम्पसन, ICC के डिप्टी चेयरमैन तवंगवा मुकुहलानी समेत कई अधिकारियों का समर्थन मिला। उनके निर्विरोध चयन से ICC में उनके नेतृत्व को एक बार फिर मजबूती मिली है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदूषण से थोड़ी राहत, कई इलाकों में AQI हुआ हाई