गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों की तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता 23 नवंबर से शुरू होगी। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की कुल 44 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें 168 पदकों के लिए 600 से ज्यादा एथलीट अपना दमखम दिखाएंगे। खास बात यह है कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की एथलेटिक्स टीम का चयन भी किया जाएगा, जो अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा संकुल में 23 से 25 नवंबर 2026 तक वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 नवंबर को पूर्वाह्न 10 बजे कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीमती सृष्टि सिंह द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जबकि टीमों के नामांकन की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

44 स्पर्धाओं में 168 पदकों के लिए होगा मुकाबला
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की कुल 44 स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इसमें 600 से ज्यादा एथलीट 168 पदकों के लिए जोर आजमाइश करेंगे। प्रतियोगिता में भारतीय विश्वविद्यालय संघ, नई दिल्ली की ओर से निर्धारित मानकों को ध्यान में रखा जाएगा। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की एथलेटिक्स टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम दिसंबर महीने के अंतिम सप्ताह में भुवनेश्वर स्थित केआईआईटी विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
समापन समारोह में ओलंपियन संजीव कुमार सिंह होंगे मुख्य अतिथि
प्रतियोगिता के समापन समारोह में ओलंपियन संजीव कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। संजीव कुमार सिंह अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित हैं। समापन समारोह में खिलाड़ियों को पदक वितरित किए जाएंगे और उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। वहीं, प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी गोरखपुर के आरएसओ राजेश कुमार सोनकर संभालेंगे। प्रतियोगिता के दौरान मार्चपास्ट भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन सचिव प्रोफेसर राजवीर सिंह के अनुसार, इस वर्ष भी सर्वश्रेष्ठ मार्चपास्ट करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता की कुछ स्पर्धाओं में दर्शकों को राष्ट्रीय स्तर का प्रदर्शन देखने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन के जरिए विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का भी अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों में खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।
अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट