Rahul Gandhi News: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हैदराबाद में गिग वर्कर्स (Gig Workers) के लिए कई बड़े ऐलान किए। दरसअल, उन्होंने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार की ‘गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम’ (Gig Workers Social Security and Welfare Scheme) लॉन्च की है। वहीं, इस दौरान राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स के साथ बाइक रैली (Bike Rally) में हिस्सा लिया और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार गिग वर्कर्स के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के लिए लगातार काम करेगी।
राहुल गांधी हैदराबाद के शिल्पाकला वेदिका से नोवोटेल तक आयोजित बाइक रैली में शामिल हुए। जिसमें खास बात यह रही कि उन्होंने एक गिग वर्कर की बाइक पर बैठकर रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी उनके साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। रैली के बाद राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स को संबोधित किया और तेलंगाना सरकार की नई सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजना की शुरुआत की।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री उनकी समस्याओं को समझते हैं और उनके अधिकारों के लिए जरूरी कदम उठाएंगे। साथ ही, उन्होंने कहा कि आज का दौर डेटा का है, लेकिन गिग वर्कर्स को अब तक अपने काम और कमाई से जुड़ा पूरा डेटा देखने का अधिकार नहीं था। नई योजना के तहत डिलीवरी पार्टनर और अन्य गिग वर्कर्स अपने मोबाइल फोन पर पूरी जानकारी देख सकेंगे। इसमें पूरी की गई राइड, काम और मिलने वाले भुगतान का विवरण शामिल होगा।
राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि तेलंगाना के हैदराबाद समेत सभी शहरों में WiFi सुविधा वाले रेस्ट जोन बनाए जाएंगे। यहां डिलीवरी पार्टनर और कैब चालक अपनी गाड़ी पार्क करने के साथ आराम भी कर सकेंगे। वहीं, इसके अलावा योजना के तहत गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने की बात कही गई है। हर डिलीवरी या ट्रांजैक्शन पर 1 प्रतिशत राशि गिग वर्कर्स के कल्याण बोर्ड के माध्यम से उनके बैंक खातों में पहुंचाने का भी ऐलान किया गया। इस योजना को तेलंगाना में गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक मजबूती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर रामायण का राज, 9वें दिन भी करोड़ों की हुई बरसात