Uttar Pradesh News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा की है। बता दें उन्होंने अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, पेयजल और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही दिल्ली से पूर्वांचल के जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने को कहा है।
जानकारी के लिए बता दें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (Video Conferencing) के माध्यम से छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित जिलों के अधिकारियों को आदेश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ लोक आस्था, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है। इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
मुख्यमंत्री योगी ने आदेश दिए कि सभी प्रमुख छठ घाटों, नदियों, तालाबों और जलाशयों का पहले से निरीक्षण किया जाए। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, शौचालय और संपर्क मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम भी बनाए जाएं। साथ ही, उन्होंने जलस्तर और गहराई का आकलन कर संवेदनशील स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग लगाने और चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित गोताखोर, नावें और जल पुलिस भी तैनात की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिससे भीड़ को काबू करने के लिए यातायात की खास कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू होगा और पार्किंग स्थल भी चिह्नित किए जाएंगे।
छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने के आदेश दिए। साथ ही, उन्होंने घाटों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, प्राथमिक चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने स्थानीय पूजा समितियों, सिविल डिफेंस, एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों का सहयोग लेने के निर्देश दिए। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के छठ महापर्व मना सकें।