Maharashtra SIR News: महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राज्य में नोटिस पाने वाले 1.224 करोड़ मतदाताओं में से 99.41% लोगों के नाम फिर से वोटर लिस्ट में जोड़ दिए गए हैं। वहीं, इस प्रक्रिया के तहत कुल 1.22 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं को राहत मिली है। वहीं, अब सिर्फ 72,601 मतदाताओं के मामले बाकी हैं। इन लोगों के दस्तावेजों की जांच जारी है या उन्होंने अभी जरूरी कागजात जमा नहीं किए हैं।
जानकारी के लिए बता दें SIR की प्रक्रिया जून में शुरू हुई थी। उस समय महाराष्ट्र की मतदाता सूची में करीब 9.78 करोड़ मतदाता दर्ज थे। जांच के दौरान 2.06 करोड़ नाम हटाए गए, जबकि 62.5 लाख मतदाताओं के नाम, उम्र और पते में गड़बड़ी सामने आई। इसके अलावा करीब 59.8 लाख मतदाताओं का रिकॉर्ड वर्ष 2002 की मतदाता सूची से मेल नहीं खा पाया था। ऐसे लोगों को नोटिस जारी कर जरूरी दस्तावेज मांगे गए थे।
दरसअल, मतदाताओं को राहत देने के लिए चुनाव आयोग ने SIR के नियमों में बदलाव किए। अब दस्तावेज जमा करने के लिए BLO के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश होना जरूरी नहीं है। ऐसे में मतदाता WhatsApp के जरिए भी अपने दस्तावेज भेज सकते हैं। इसके अलावा मान्य दस्तावेजों की सूची में PAN और आधार से जुड़ी जानकारी को भी शामिल किया गया है।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, दस्तावेज जमा करने और उनकी जांच की अंतिम तारीख 23 नवंबर निर्धारित की गई है। उम्मीद है कि इस दौरान कुछ और मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जुड़ सकते हैं।
महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में 99.99 % मामलों का निपटारा हुआ। वर्धा और गढ़चिरौली में यह आंकड़ा 99.90 प्रतिशत रहा। वहीं, नासिक में 99.90 प्रतिशत, सतारा में 99.89 प्रतिशत और ठाणे में 99.88 प्रतिशत मामले निपटाए गए। दूसरी ओर, नांदेड़ में सबसे कम 96.18 प्रतिशत मामलों का निपटारा हुआ। जालना में 96.83 प्रतिशत और गोंदिया में 97.62 प्रतिशत मामले निपटे।
चुनाव आयोग को 31 अगस्त से 12 नवंबर के बीच मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार के लिए कुल 23.6 लाख आवेदन मिले। इनमें 15.1 लाख Form 6, 1,25,693 Form 7 और 7,15,729 Form 8 आवेदन शामिल हैं।
मुंबई उपनगर में सबसे ज्यादा 1,91,308 आवेदन मिले, जबकि पुणे में 1,65,446 और ठाणे में 1,64,834 आवेदन जमा किए गए। इन आंकड़ों से साफ है कि महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में मतदाता वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने और गलतियों को ठीक कराने के लिए आवेदन कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: छठ पूजा की तैयारियों पर सीएम योगी सख्त, अधिकारियों को दिए आदेश
