1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर में छठ की तैयारी हुई पूरी, रवि किशन ने परखे सुरक्षा इंतजाम

गोरखपुर में छठ की तैयारी हुई पूरी, रवि किशन ने परखे सुरक्षा इंतजाम

Uttar Pradesh News: गोरखपुर में सांसद रवि किशन ने सूरजकुंड धाम, राजघाट और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लिया है। जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

By: Aparna Panwar 
Updated:
गोरखपुर में छठ की तैयारी हुई पूरी, रवि किशन ने परखे सुरक्षा इंतजाम

Uttar Pradesh News: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गोरखपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर प्रशासन और नगर निगम की टीमें घाटों पर मुस्तैद हैं। इसी क्रम में गोरखपुर सदर सांसद रवि किशन ने रेलवे स्टेशन, सूरजकुंड धाम और राजघाट सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। सूरजकुंड घाट पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने नगर निगम, पार्षदों और भाजपा संगठन के कार्यकर्ताओं की तैयारियों की सराहना की। साथ ही श्रद्धालुओं से किसी भी तरह की अफवाह में न आने की अपील की। छठ महापर्व पर गोरखपुर के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने वाली है। खासकर सूरजकुंड धाम पर हजारों की संख्या में छठ व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसी को देखते हुए सांसद रवि किशन ने घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली। सांसद ने बताया कि सूरजकुंड में नगर निगम के साथ मंडल अध्यक्ष, पार्षद और भारतीय जनता पार्टी का पूरा संगठन व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ के गोताखोर भी तैनात रहेंगे, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। पानी की स्वच्छता से लेकर भीड़ नियंत्रण और भगदड़ जैसी स्थिति से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो जाएगी।

छठ महापर्व की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम

सांसद रवि किशन ने छठ पर्व को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा-निर्देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार का बड़ा आस्था का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि छठ अब केवल बिहार और उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और लंदन सहित दुनिया के अलग-अलग देशों में रहने वाले भोजपुरी और हिंदी भाषी समाज के लोग भी पूरी श्रद्धा के साथ छठ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठी मइया की शक्ति और महिमा को लोग महसूस कर रहे हैं। श्रद्धालु जिस मनोकामना के साथ व्रत रखते हैं, उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। सांसद ने नगर निगम, मंडल अध्यक्ष, पार्षदों और भाजपा संगठन के कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए सभी का दिल से धन्यवाद किया।

अफवाहों पर ध्यान न दें गोरखपुरवासी, छठ घाटों पर व्यवस्थाएं पूरी तरह व्यवस्थित- रवि किशन

छठ पर्व की तैयारियों के बीच सांसद रवि किशन ने गोरखपुरवासियों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी या किसी भी विरोधी दल की ओर से फैलाई जाने वाली अफवाहों पर लोग ध्यान न दें। घाटों पर सभी व्यवस्थाएं सुचारू और व्यवस्थित हैं। कहीं भी भगदड़ जैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2027 के चुनाव में उनकी बुरी तरह हार होने वाली है और इसी हताशा में वे राजनीति कर रहे हैं।

मुंबई में छठ गीत बंद कराने के मामले पर रवि किशन का MNS पर हमला

महाराष्ट्र में रेलवे स्टेशन पर एमएनएस कार्यकर्ताओं द्वारा छठ का गाना बंद करवाए जाने के सवाल पर भी सांसद रवि किशन ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार है। वहां 20 से 30 लाख लोग जाते हैं और वर्ष 1998 से लगातार आ रहे हैं। उन्होंने अपने पुराने दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी जूहू बीच और चौपाटी जाते थे। रवि किशन ने कहा कि जब किसी राजनीतिक व्यक्ति के पास मुद्दे नहीं बचते और उसे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी का कोई मुकाबला नहीं है, तब इस तरह की ओछे दर्जे की राजनीति की जाती है। उन्होंने भोजपुरी समाज की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि यह 25 करोड़ लोगों का समाज है और सरकार बनाने की बड़ी क्षमता रखता है। भोजपुरिया समाज को बार-बार इस तरह छेड़ने वाले लोग अपनी ही राजनीति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों और हरकतों से उन लोगों की राजनीति खत्म हो रही है।

छठी मइया सभी की मनोकामनाएं पूरी करें, सांसद रवि किशन ने दी शुभकामनाएं

अंत में सांसद रवि किशन ने छठ व्रतियों और गोरखपुरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए छठी मइया से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि मां-बहनें अपने पति, परिवार और बच्चों की सुख-समृद्धि के लिए जो भी मनौती मांग रही हैं, छठी मइया उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी करें। उन्होंने कहा कि छठी मइया की शक्ति और आस्था की ऊर्जा हर साल बढ़ती जा रही है और इसका विस्तार पूरे विश्व में हो रहा है।

रिपोर्ट: अंकित श्रीवास्तव

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र SIR में बड़ा अपडेट, वोटर लिस्ट में जुड़े 1.22 करोड़ नए नाम

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...